घरेलू शेयर बाजार बुधवार को उतार-चढ़ाव के बाद हरे निशान पर बंद होने में सफल रहा। हफ्ते के तीसरे कारोबारी दिन बीएसई सेंसेक्स में 410 अंक की बढ़त दर्ज की गई। 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 410.19 अंक या 0.51 प्रतिशत उछलकर 81,596.63 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 835.2 अंक या 1.02 प्रतिशत की बढ़त के साथ 82,021.64 अंक पर बंद हुआ। एनएसई निफ्टी 129.55 अंक या 0.52 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,813.45 पर आ गया।
सेंसेक्स की कंपनियों में बजाज फिनसर्व, टाटा स्टील, सन फार्मा, टेक महिंद्रा, बजाज फाइनेंस, एनटीपीसी, नेस्ले, टाटा मोटर्स, हिंदुस्तान यूनिलीवर और महिंद्रा एंड महिंद्रा सबसे ज्यादा लाभ में रहीं। वहीं इंडसइंड बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, पावर ग्रिड और आईटीसी पिछड़ गए।
मूडीज रेटिंग्स की बुधवार को जारी रिपोर्ट ने भारत की अर्थव्यवस्था पर सकारात्मक टिप्पणी ने भी भारतीय बाजार पर असर डाला। रिपोर्ट के अनुसार भारत अमेरिकी टैरिफ और वैश्विक व्यापार व्यवधानों के नकारात्मक प्रभावों से निपटने के लिए अच्छी स्थिति में है। भारत की बड़ी घरेलू अर्थव्यवस्था और निर्यात पर कम निर्भरता स्थिति को मजबूत बनाती है। एजेंसी ने कहा कि सरकार की निजी खपत बढ़ाने, उद्योगों की क्षमता बढ़ाने और बुनियादी ढांचे पर खर्च बढ़ाने की योजनाएं वैश्विक मांग में कमी के प्रभाव को कम करेंगी।
एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कोस्पी, शंघाई का एसएसई कंपोजिट सूचकांक और हांगकांग का हैंग सेंग लाभ में बंद हुए, जबकि जापान का निक्केई 225 सूचकांक गिरावट के साथ बंद हुआ। यूरोप के बाजार नकारात्मक क्षेत्र में कारोबार कर रहे थे। मंगलवार को अमेरिकी बाजार गिरावट के साथ बंद हुआ।
वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 1.19 प्रतिशत उछलकर 66.16 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। एक्सचेंज डेटा के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 10,016.10 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। मंगलवार को बीएसई सेंसेक्स 872.98 अंक या 1.06 प्रतिशत गिरकर 81,186.44 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 261.55 अंक या 1.05 प्रतिशत गिरकर 24,683.90 पर बंद हुआ।