ताजा विदेशी पूंजी प्रवाह के बीच एलएंडटी, एचडीएफसी बैंक और रिलायंस इंडस्ट्रीज जैसे बड़े शेयरों में भारी लिवाली से शेयर बाजार बुधवार को सकारात्मक रुख के साथ बंद हुए।
हालांकि, अमेरिकी फेड के नीतिगत निर्णय से पहले ब्लू-चिप आईटी शेयरों में भारी बिकवाली से बाजार पर कुछ दबाव पड़ा। तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 147.79 अंक या 0.20 प्रतिशत चढ़कर 75,449.05 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 267.12 अंक या 0.35 प्रतिशत बढ़कर 75,568.38 अंक पर पहुंच गया।
एनएसई निफ्टी 73.30 अंक या 0.32 प्रतिशत बढ़कर 22,907.60 अंक पर पहुंच गया। सेंसेक्स में शामिल शेयरों में टाटा स्टील, जोमैटो, पावर ग्रिड, अल्ट्राटेक सीमेंट, इंडसइंड बैंक, लार्सन एंड टूब्रो, अदाणी पोर्ट्स, एनटीपीसी, भारतीय स्टेट बैंक और रिलायंस इंडस्ट्रीज प्रमुख रूप से लाभ में रहे। दूसरी ओर, टेक महिंद्रा, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, आईटीसी, इंफोसिस, सन फार्मा, मारुति, एचसीएल टेक और नेस्ले के शेयर पिछड़ गए।
जानकारों के अनुसार घरेलू बाजार में सकारात्मक गति जारी रही, क्योंकि हाल ही में हुए सुधार का कुछ हिस्सा मूल्यांकन द्वारा उचित ठहराया गया था। राहत रैली की स्थिरता बुनियादी बातों में सुधार पर निर्भर करती है। जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, "व्यापार अनिश्चितताओं और विकास संबंधी चिंताओं के मद्देनजर, आज की फेड नीति और टिप्पणियों पर निवेशकों की नजर रहेगी, ताकि ब्याज दरों पर संकेत मिल सके।"
एशियाई बाजारों में सियोल और हांगकांग सकारात्मक दायरे में बंद हुए, जबकि टोक्यो और शंघाई में गिरावट रही। यूरोपीय बाजार मिश्रित रुख पर कारोबार कर रहे थे। मंगलवार को अमेरिकी बाजार नकारात्मक दायरे में बंद हुए।
एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 694.57 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने भी 2,534.75 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।