शेयर बाजार में दो दिनों की मजबूती के बाद गुरुवार को एक बार फिर बिकवाली दिखी। इस दौरान सेंसेक्स 836.34 अंक गिरकर 79,541.79 के स्तर पर बंद हुआ। दूसरी ओर, निफ्टी 284.70 अंक टूटकर 24,199.35 पर पहुंच गया।
सेंसेक्स के 30 शेयरों में से टाटा मोटर्स, टेक महिंद्रा, अल्ट्राटेक सीमेंट, जेएसडब्ल्यू स्टील, सन फार्मा, एशियन पेंट्स, इंडसइंड बैंक और आईसीआईसीआई बैंक में सबसे ज्यादा गिरावट रही। भारतीय स्टेट बैंक इस समूह में एकमात्र लाभ पाने वाला बैंक बनकर उभरा।
घरेलू शेयर बाजारों में कमजोरी और विदेशी पूंजी की सतत निकासी से बाजार धारणा प्रभावित हुई जिससे गुरुवार को रुपया छह पैसे गिरकर 84.37 (अनंतिम) प्रति डॉलर के नए सर्वकालिक निम्नतम स्तर पर बंद हुआ। विदेशी मुद्रा व्यापारियों ने कहा कि अमेरिकी फेड की बैठक के नतीजों से पहले निवेशक भी सतर्क थे। इसके अलावा, कच्चे तेल की कीमतों में रात भर की तेजी ने भी स्थानीय इकाई पर दबाव डाला।
हालांकि, उन्होंने कहा कि प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर सूचकांक में सुधार से रुपये को मदद मिली और गिरावट पर रोक लगी। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 84.26 पर खुला। कारोबार के दौरान स्थानीय मुद्रा ने 84.26 का उच्चतम और 84.38 का न्यूनतम स्तर छुआ। अंत में यह पिछले बंद भाव के मुकाबले 6 पैसे की गिरावट के साथ 84.37 (अनंतिम) पर बंद हुआ।