घरेलू शेयर बाजार में बुधवार (25 अक्टूबर) को लगातार पांचवें दिन लाल निशान पर बंद हुए। इस दौरान बाजार के प्रमुख बेंचमार्क इंडेक्स कमजोर वैश्विक संकेतों के कारण फिसल गए। हफ्ते के तीसरे कारोबारी दिन बीएसई सेंसेक्स 522.82 (0.80%) अंकों की गिरावट के साथ 64,049.06 पर बंद हुआ। वहीं दूसरी ओर, 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी इंडेक्स 159.60 (0.83%) टूटकर 19,122.15 के स्तर पर बंद हुआ।
आईटी और फाइनेंशियल सेक्टर में बिकवाली से बाजार पर बढ़ा दबाव
बुधवार के कारोबारी सेशन के दौरान बाजार पर आईटी, फाइनेंशियल, फार्मा सेक्टर सेक्टर में बिकवाली से दबाव बढ़ा। निफ्टी का टॉप लूजर अपोलो हॉस्पिटल्स का शेयर रहा, जो 2.4% टूटकर बंद हुआ। इससे पहले सोमवार को भारतीय बाजार में लगातार चौथे दिन गिरावट दर्ज की गई थी और बीएसई सेंसेक्स 825 अंक कमजोर होकर 64,571 के स्तर पर बंद हुआ था। मंगलवार को दशहरे के मौके पर बाजार बंद था।
निवेशकों को उठाना पड़ा बड़ा नुकसान
लगातार पांचवें दिन शेयर बाजार में बिकवाली हावी होने से निवेशकों को करीब 15 लाख करोड़ रुपए का नुकसान हुआ। इस दौरान बीएसई पर लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप घटकर 309.32 लाख करोड़ रुपए हो गया, 17 अक्टूबर को बाजार बंद होने के बाद यह 323.87 लाख करोड़ रुपए था।
राणा कपूर के खातों से हटेगी रोक
सेबी ने यस बैंक के पूर्व सीईओ राणा कपूर के बैंक खातों के साथ-साथ शेयर और म्यूचुअल फंड खाते पर लगी रोक हटाने का ऑर्डर दे दिया है। राणा कपूर डीएचएफएल मनी लॉन्ड्रिंग मामले में मार्च, 2020 से जेल में हैं। सेबी ने जुलाई में राणा कपूर को एक नोटिस भेजकर यस बैंक के अतिरिक्त टियर-1 (एटी1) बॉन्ड को गलत तरीके से बेचने के मामले में ब्याज और वसूली लागत समेत कुल 2.22 करोड़ रुपये का भुगतान करने के लिए कहा था।
एक्सिस बैंक को 5,863 करोड़ का फायदा
नई दिल्ली। एक्सिस बैंक को सितंबर तिमाही में 5,863 करोड़ रुपये का फायदा हुआ है। एक साल पहले की समान तिमाही के 5,329 करोड़ की तुलना में यह 10 फीसदी अधिक है। बैंक ने बुधवार को वित्तीय परिणाम जारी करने के बाद बताया कि उसकी कुल आय 31,660 करोड़ रुपये रही है। शुद्ध ब्याज आय 19 फीसदी बढ़कर 12,315 करोड़ रुपये रही है।
एडीबी ने शहरी बुनियादी ढांचे में सुधार के लिए 400 मिलियन डॉलर के ऋण को दी मंजूरी
नई दिल्ली: एशियाई विकास बैंक (ADB) ने उच्च गुणवत्ता वाले शहरी बुनियादी ढांचे और कुशल शासन प्रणालियों के निर्माण के लिए भारत सरकार के शहरी सुधार एजेंडे का समर्थन करने के लिए 400 मिलियन डॉलर के ऋण को मंजूरी दी है। एडीबी ने कहा कि कार्यक्रम में शहरी फैलाव को नियंत्रित करना और शहरी स्थानीय निकाया का क्षमता निर्माण शामिल है। इसके तहत सामुदायिक जागरूकता के साथ-साथ कानूनी, नियामक और संस्थागत सुधारों के पूरे पारिस्थितिकी तंत्र को बढ़ाने की भी परिकल्पना की गई है।