घरेलू शेयर बाजार हफ्ते के दूसरे कारोबारी दिन बढ़त के साथ बंद हुआ। मंगलवार को बाजार बंद होते समय सेंसेक्स 374.76 अंकों की बढ़त के साथ 61,121.35 अंकों के लेवल पर बंद हुआ। सेंसेक्स में 0.62 प्रतिशत का उछाल आया। वहीं दूसरी ओर निफ्टी 133.20 अंकों (0.74) की बढ़त के साथ 18,145.40 अंकों के लेवल पर बंद हुआ। निफ्टी फिफ्टी के शेयरों में एक्सिस बैंक के शेयर टॉप लूजर रहे। मंगलवार को इनमें लगभग चार प्रतिशत तक की गिरावट आई। एक्सिस बैंक के शेयरों में यह गिरावट बैन कैपिटल की ओर से एक्सिस बैंक में अपनी 1.24 प्रतिशत हिस्सेदारी बेचने के बाद आई है।
सेंसेक्स 61000 पार, नौ महीने के उच्च स्तर पर पहुंचा
घरेलू शेयर बाजार मंगलवार को लगातार चौथे कारोबारी सत्र में तेजी के साथ बंद हुआ। सेंसेक्स 61,000 के पार निकलकर 9 महीने के उच्च स्तर पर पहुंच गया। विदेशी बाजारों में तेजी के साथ सकारात्मक वृहत आर्थिक आंकड़ों की वजह से घरेलू बाजार में तेजी आई। विदेशी निवेशकों की लिवाली से भी बाजार को समर्थन मिला।
इससे सेंसेक्स 374.76 अंक चढ़कर 61,121.35 पर बंद हुआ। इस साल 17 जनवरी के बाद सेंसेक्स पहली बार 61,000 के पार बंद हुआ है। निफ्टी भी 133.20 अंक उछलकर 18,145 पर पहुंच गया। निवेशकों की पूंजी 2.22 लाख करोड़ बढ़कर 282.13 लाख करोड़ पहुंच गई। सेंसेक्स की 30 में 26 कंपनियों के शेयर बढ़त में बंद हुए।
- विदेशी संस्थागत निवेशकों ने मंगलवार को 2609.94 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे
- एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्केई, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग लाभ में बंद हुआ।
सोना 177 रुपये महंगा चांदी 1,022 रुपये महंगी
- दिल्ली सराफा बाजार में मंगलवार को सोना 177 रुपये महंगा होकर 50,869 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। चांदी 1,022 रुपये महंगी होकर 59,000 रुपये प्रति किलो के भाव रही। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के शोध विश्लेषक दिलीप परमार ने कहा, गिरावट के दौर के लगातार सात महीनों के बाद कॉमेक्स में नवंबर महीने की शुरुआत सकारात्मक रुझान के साथ हुई है।
- गिरावट का यह दौर कम-से-कम 1960 के दशक के अंत के बाद से सबसे लंबा रहा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 1,649.8 डॉलर प्रति औंस रहा, चांदी 19.75 डॉलर प्रति औंस रही।