शेयर बाजार में निवेश करने वालों को भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड सेबी ने बड़ा तोहफा दिया है। दरअसल, शेयर बाजार में निवेश करना और भी आसान बनाने के मकसद से सेबी ने एक मोबाइल एप लॉन्च किया है। इसका नाम सारथी रखा गया है जो निवेशकों को सही राह दिखाने को काम करेगा।
निवेशकों के लिए होगा बेहद फायदेमंद
सेबी बोर्ड के अध्यक्ष अजय त्यागी ने इस संबंध में जानकारी साझा करते हुए बताया कि शेयर बाजार में निवेश करने वालों को शिक्षा देने वाला मोबाइल एप सारथी (Saa₹thi) लॉन्च किया गया है। इसके जरिए निवेशकों को सभी वित्तीय उत्पादों से संबंधित कई तरह की अहम जानकारियां मिलेंगी। उन्होंने कहा कि यह एप निवेशकों के लिए बेहद फायदेमंद साबित होने वाला है। त्यागी ने कहा कि यह मोबाइल एप आने वाले समय में निवेशकों खासकर युवाओं के बीच लोकप्रिय होगा।
बाजार के उतार-चढ़ाव से कराएगा रूबरू
सेबी की ओर से साझा की गई जानकारी के मुताबिक, इस एप के जरिए निवेशकों को प्रतिभूति बाजार, केवाईसी (अपने ग्राहक को जानें) प्रोसेस, ट्रेडिंग एंड सेटलमेंट, म्यूचुअल फंड्स, बाजार से जुड़ी पल-पल की खबर और ताजा अपडेट्स मिलते रहेंगे। इससे उन्हें शेयर बाजार में होने वाले उतार- चढ़ाव पता चलता रहेगा। वहीं निवेशक शिकायत निवारण तंत्र जैसी अहम जानकारी पा सकेंगे। त्यागी ने कहा कि यह एप बाजार में प्रवेश करने वाले व्यक्तिगत निवेशकों तक प्रासंगिक जानकारी आसानी से पहुंचने में मददगार होगा।
हिन्दी और अंग्रेजी भाषा में उपलब्ध
बता दें कि सारथी एप हिन्दी और अंग्रेजी भाषाओं में उपलब्ध है और इसका उपयोग एंड्रॉयड अथवा आईओएस स्मार्टफोन पर आसानी से किया जा सकता है। इसे प्ले स्टोर और एप स्टोर दोनों से डाउनलोड कर सकते हैं। सेबी के अध्यक्ष त्यागी ने अपने दिए गयान में एप पर मौजूद सूचनाओं को को लगातार अपडेट करते रहे और इसे जल्द से जल्द क्षेत्रीय भाषाओं में भी उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर बल दिया।