ग्राहकों को एक व्यक्तिगत अनुभव प्रदान करने के लिए, भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) ने अपनी अगली पीढ़ी की संपर्क केंद्र सेवा (Contact Centre Service) शुरू करने की घोषणा की। एसबीआई की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार बैंक अब अपने Contact Centre Service के माध्यम से 30 से अधिक वित्तीय विकल्पों की पेशकश करेगा जो ग्राहकों को घर से बैकिंग सेवा मुहैया कराएगी। ये सेवा 24 घंटे, सप्ताह में 7 दिन और 12 भाषाओं में उपलब्ध होंगे।
वर्तमान में संपर्क केंद्र जिन 12 भाषाओं में सेवाएं उपलब्ध कराएगा उनमें हिंदी, अंग्रेजी, तेलुगु, बंगाली, तमिल, कन्नड़, मराठी, मलयालम, ओडिया, गुजराती, असमिया और पंजाबी शामिल हैं। प्रक्रिया को और कारगर बनाने के लिए बैंक ने Contact Centre Service के लिए याद रखने में आसान 4-अंकीय टोल-फ्री नंबर (1800-1234 या 1800-2100) विकसित किए हैं।
एसबीआई की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, ‘ग्राहक खातों, एटीएम कार्ड और चेक बुक, आपातकालीन सेवाओं (एटीएम कार्ड या डिजिटल चैनल ब्लॉकिंग), डिजिटल उत्पादों तक पहुंच और समर्थन, उत्पाद जानकारी आदि से संबंधित सेवाओं की एक शृंखला का लाभ Contact Centre Service के माध्यम से उठा सकते हैं। बैंक ने सभी ग्राहक सहायता प्रतिनिधियों को कॉल पर अधिकांश बैंकिंग प्रश्नों को प्रभावी ढंग से हल करने के लिए संशोधित, सरलीकृत स्क्रिप्ट और सॉफ्ट स्किल प्रशिक्षण क्षमताएं प्रदान की हैं। भविष्य में बैंक का लक्ष्य उन्नत एआई/एमएल आधारित प्रौद्योगिकियों को एम्बेड करना है, जिसमें संवादी आईवीआर और वॉयस बॉट शामिल हैं।