देश के सबसे बड़े वाणिज्यिक ऋणदाता 'स्टेट बैंक ऑफ इंडिया' (SBI) के ग्राहकों की निजी जानकारी की सुरक्षा से जुड़ा एक बड़ा मामला सामने आया है। बैंक ने आधिकारिक तौर पर पुष्टि की है कि डार्क वेब पर पाए गए लगभग 3,75,000 रिकॉर्ड्स के प्रारंभिक विश्लेषण में उसके 3,897 ग्राहकों की व्यक्तिगत पहचान योग्य जानकारी (PII) उजागर हुई है। 16 अक्टूबर को राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा एजेंसियों से अलर्ट प्राप्त होने के तुरंत बाद बैंक ने अपने साइबर इंसिडेंट रिस्पॉन्स प्रोटोकॉल को सक्रिय कर दिया और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
एसबीआई ने शेयर बाजारों को दी गई अपनी रेगुलेटरी फाइलिंग में बताया कि उसे 16 अक्टूबर को इस संभावित डेटा एक्सपोजर के संबंध में आपातकालीन अलर्ट मिले थे। ये चेतावनियां बैंक के थ्रेट इंटेलिजेंस सर्विस प्रोवाइडर, रक्षा मंत्रालय की 'डिफेंस साइबर एजेंसी' और देश की नोडल साइबर सुरक्षा एजेंसी 'सर्ट-इन' (CERT-In) की ओर से साझा की गई थीं।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, डार्क वेब पर पाए गए संदिग्ध डेटा सेट में ग्राहकों से जुड़े कई महत्वपूर्ण और संवेदनशील विवरण शामिल हैं। उजागर हुई जानकारी में निम्नलिखित डेटा पॉइंट पाए गए हैं:
यह मामला 'सीरियसइम' नाम से काम कर रहे एक अज्ञात हैकर समूह के दावे के बाद सुर्खियों में आया। इस समूह ने दावा किया था कि उसने एसबीआई से जुड़े गोपनीय ग्राहक डेटा, लोन आवेदन और खाता खोलने से संबंधित दस्तावेज हासिल कर लिए हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर साइबर सुरक्षा निगरानी खाते 'साइबरपल्स56' ने 16 अक्तूबर को इस दावे को पहली बार उजागर किया।
साइबरपल्स56 के अनुसार, हैकर समूह के पास सीएसवी फॉर्मेट में करीब 3.8 लाख डेटा प्रविष्टियां और 2,722 पीडीएफ दस्तावेज मौजूद होने का अनुमान है। हालांकि, इस डेटा की प्रामाणिकता और वास्तविक स्रोत का सत्यापन होना अभी बाकी है।
डेटा लीक की सूचना मिलते ही एसबीआई ने अपने साइबर इंसीडेंट रिस्पॉन्स और रोकथाम प्रोटोकॉल को लागू कर दिया। बैंक ने इस उल्लंघन की सीमा और ग्राहकों के जोखिम का आकलन करने के लिए सर्ट-इन से सूचीबद्ध एक स्वतंत्र साइबर सुरक्षा एजेंसी को जांच का काम सौंपा है।
यह घटना भारतीय वित्तीय क्षेत्र के सामने मौजूद साइबर सुरक्षा जोखिमों की गंभीरता को दर्शाती है, खासकर तब जब भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने वाणिज्यिक बैंकों के लिए साइबर सुरक्षा मानकों को कड़ा कर दिया है। एसबीआई ने आश्वस्त किया है कि वह स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और स्वतंत्र साइबर एजेंसी की जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक सुधारात्मक व निवारक कदम उठा रहा है।