वॉलमार्ट ने भारत स्थित स्टार्टअप्स के साथ रणनीतिक साझेदारी की घोषणा की
अमेरिका की मेगा रिटेल चेन वॉलमार्ट ने अपनी अमेरिकी आपूर्ति शृंखला और सोर्सिंग परिचालन का समाधान प्रदान करने के लिए भारत स्थित स्टार्टअप के साथ रणनीतिक पायलट साझेदारी की घोषणा की है।
वॉलमार्ट में सोर्सिंग इनोवेशन और सप्लाई की सुनिश्चितता के उपाध्यक्ष काइल कार्लाइल ने कहा, "तकनीकी नवाचार ही वह है जो वैश्विक रूप से लचीली आपूर्ति श्रृंखला को आगे बढ़ाने के लिए वास्तविक दुनिया के समाधानों को आगे बढ़ाता है। वैश्विक नवोन्मेषकों के साथ सहयोग करके, हम अधिक लचीला आपूर्ति नेटवर्क बनाने के लिए नए विचारों का लाभ उठा रहे हैं।"
एक मीडिया विज्ञप्ति में कहा गया है कि इन पायलट कार्यक्रमों के लिए चुने गए तीन स्टार्टअप में पुणे स्थित केबीकोल्स साइंसेज, चेन्नई स्थित ग्रीनपॉड लैब्स और बेंगलुरु स्थित क्रॉपिन शामिल हैं। इन कंपनियों ने पिछले साल वॉलमार्ट ग्रोथ समिट में भाग लिया था। विज्ञप्ति में कहा गया है कि प्रत्येक कंपनी के समाधान से वॉलमार्ट की आपूर्ति शृंखलाओं में बड़े पैमाने पर नवाचार को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।
अदाणी इन्फ्रा ने पीएसपी प्रोजेक्ट्स में बहुलांश हिस्सेदारी हासिल करने के लिए सीसीआई से मंजूरी मांगी
अरबपति गौतम अदाणी की अगुआई वाली अदाणी इंफ्रा ने पीएसपी प्रोजेक्ट्स लिमिटेड में बहुलांश हिस्सेदारी हासिल करने के लिए निष्पक्ष व्यापार नियामक भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (सीसीआई) से मंजूरी मांगी है। अदाणी इन्फ्रा, अदाणी समूह की प्रमुख कंपनी अदाणी एंटरप्राइजेज की एक इकाई है।
पीएसपी प्रोजेक्ट्स, जिसके पास सूरत डायमंड बोर्स जैसी औद्योगिक, संस्थागत, आवासीय और लक्जरी परियोजनाएं हैं, के पास सितंबर 2024 तक 6,546 करोड़ रुपये का ऑर्डर बुक था। प्रस्तावित लेनदेन में अधिग्रहणकर्ता (अदाणी इन्फ्रा इंडिया) की ओर से प्रहलादभाई एस पटेल (विक्रेता) से पीएसपी प्रोजेक्ट्स) के इक्विटी शेयरों का अधिग्रहण शामिल है।
यरूशलम: एयर इंडिया 2 मार्च से तेल अवीव-दिल्ली की उड़ानें फिर से शुरू करेगी
इस्राइल के उत्तर और दक्षिण में संघर्ष विराम बरकरार रहने के बीच एयर इंडिया सहित कई प्रमुख अंतरराष्ट्रीय एयरलाइनों ने युद्धग्रस्त क्षेत्र में संपर्क का विस्तार करते हुए इस्राइल के लिए उड़ानें फिर से शुरू करने की योजना की घोषणा की है। इस्राइल में एयर इंडिया के एक प्रतिनिधि ने पीटीआई को बताया, ‘‘अब यह आधिकारिक है। हम दो मार्च, 2025 से उड़ानें फिर से शुरू कर रहे हैं।’’इस्राइल में रह रहे कई भारतीयों ने राहत की सांस ली है, क्योंकि भारतीय एयरलाइन्स की वेबसाइट ने उक्त मार्ग पर बुकिंग खोल दी है।
अधिकांश प्रमुख अंतरराष्ट्रीय एयरलाइनों ने उत्तर में हिजबुल्लाह के खिलाफ और दक्षिण में गाजा में हमास के खिलाफ युद्ध के मद्देनजर इस्राइल के लिए अपनी उड़ानें रद्द कर दी हैं। 23 अक्टूबर 2023 को जब फिलिस्तीनी इस्लामी समूह ने यहूदी राज्य पर क्रूर हमला किया था, तब से यह निर्णय लिया गया है। एयर फ्रांस ने घोषणा की है कि वह इस सप्ताह शनिवार से पेरिस-तेल अवीव मार्ग पर दैनिक उड़ानें फिर से शुरू करेगी। एयरलाइन्स कंपनी आने वाले समय में दैनिक उड़ान के फेरे बढ़ाने की भी योजना बना रही है। एयर फ्रांस-केएलएम समूह की कम लागत वाली सहायक कंपनी ट्रांसविया फ्रांस भी 28 जनवरी को इस्राइल के रूट पर सेवा देनी शुरू करेगी।
लुफ्थांसा एयरलाइन्स समूह - जिसमें लुफ्थांसा, स्विस, ऑस्ट्रियन एयरलाइंस, ब्रुसेल्स एयरलाइंस और यूरोविंग्स शामिल हैं - ने सामूहिक रूप से गुरुवार को घोषणा की कि वे 1 फरवरी से धीरे-धीरे तेल अवीव के लिए उड़ानें फिर से शुरू करेंगे। ब्रिटिश एयरवेज ने भी 5 अप्रैल से तेल अवीव और लंदन के बीच उड़ानें पुनः शुरू करने का एलान किया है। शुरुआत में प्रतिदिन एक उड़ान होगी।