विश्व की सबसे बड़ी कच्चा तेल उत्पादक कंपनी सऊदी अरामको आगामी पांच दिसंबर को अपने शेयर की कीमत तय करेगी। इससे पहले कंपनी का आईपीओ 17 नवंबर को खुलेगा। सऊदी अरामको के आईपीओ को दुनिया का सबसे बड़ा आईपीओ माना जा रहा है, जो कि 2014 में आए चीनी ई-कॉमर्स कंपनी अलीबाबा के आईपीओ को भी मात दे देगा।
इस संबंध में कंपनी ने अपना आईपीओ का 658 पेज का दस्तावेज जारी कर दिया है। कई वर्षों के विलंब के बाद अरामको के अधिकारियों ने पिछले सप्ताह रियाद स्टॉक एक्सचेंज पर शेयर बिक्री की घोषणा की थी। सऊदी अरामको दुनिया की सबसे अधिक मुनाफे वाली कंपनी है। दुनिया के कच्चे तेल की जरूरत का दस प्रतिशत अकेले यह कंपनी पूरी करती है।
कंपनी ने कहा है कि वो व्यक्तिगत निवेशकों को 0.5 फीसदी के शेयर बेचेगी। वहीं बड़े संस्थागत निवेशकों को कितने फीसदी हिस्सेदारी बेची जाएगी, यह फिलहाल तय नहीं किया गया है। इसके साथ ही कंपनी ने संभावित जोखिमों के बारे में भी बताया गया है।
वैल्यूएशन के मामले में सऊदी अरामको, आईफोन बनाने वाली कंपनी एपल से 50 फीसदी ज्यादा हो सकती है। सऊदी अरामको की वैल्यूएशन 1.5 ट्रिलियन डॉलर के करीब है। मौजूदा समय में माइक्रोसॉफ्ट और एपल जैसी कंपनियों की मार्केट वैल्यू 1 ट्रिलियन डॉलर के करीब है।