Microsoft CEO Satya Nadella at WEF Davos: सत्या नडेला ने चेतावनी दी है कि यदि एआई के लाभ समान रूप से वितरित नहीं हुए तो यह एक 'बबल' बन सकता है। उन्होंने शिक्षा, हेल्थकेयर और इकोनॉमिक ग्रोथ में कृत्रिम बद्धिमत्ता के उपयोग पर जोर दिया। आइए इस बारे में विस्तार से जानें।
माइक्रोसॉफ्ट के चेयरमैन और सीईओ सत्या नडेला ने वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (डब्ल्यूईएफ) की वार्षिक बैठक में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के भविष्य को लेकर एक अहम चेतावनी दी है। नडेला ने कहा कि यदि एआई का लाभ समान रूप से नहीं बांटा गया और यह सिर्फ टेक्नोलॉजी कंपनियों तक सीमित रह गया, तो यह एक 'बबल' में तब्दील हो सकता है।
विज्ञापन
एआई के बबल बनने का खतरा क्यों?
मंगलवार को दावोस में एक सत्र को संबोधित करते हुए नडेला ने साफ किया कि अगर एआई को लेकर सारी चर्चा केवल 'सप्लाई साइड' या इसे बनाने वाली टेक कंपनियों पर ही केंद्रित रहती है, तो यह इस बात का का साफ संकेत है कि हम एक बबल की ओर बढ़ रहे हैं।
उन्होंने जोर देकर कहा कि एकआई के लाभों का वितरण बहुत अधिक समान रूप से होना चाहिए। इसका मकसद केवल तकनीक बनाना नहीं, बल्कि हर व्यक्ति के जीवन को बेहतर बनाना होना चाहिए। चाहे वह शिक्षा के परिणाम हों या पब्लिक सेक्टर की दक्षता।
नडेला ने एआई उद्योग को क्या सलाह दी?
नडेला ने एआई उद्योग में सिर्फ खर्च बढ़ाने के बजाय 'एआई-संचालित आर्थिक विकास' की वकालत की। उन्होंने बताया कि कैसे एआई और अन्य उन्नत तकनीकें उत्पादकता बढ़ा रही हैं और हमारे काम करने के तरीके को बदल रही हैं। नडेला ने कहा, "एक वैश्विक समुदाय के रूप में, हमें उस बिंदु पर पहुंचना होगा जहां हम एआई का उपयोग कुछ ऐसा उपयोगी करने के लिए कर रहे हों जो लोगों, समुदायों, देशों और उद्योगों के नतीजों को बदल सके"।
एआई के सामने क्या चुनौतियां?
माइक्रोसॉफ्ट सीईओ ने यह परखने की जरूरत बताई कि एआई जीवन के सभी पहलुओं में क्या भूमिका निभा रहा है। उदाहरण के लिए-
फार्मास्युटिकल्स: कैसे AI कंपनियों को महत्वपूर्ण दवाएं तेजी से बाजार में लाने या क्लीनिकल ट्रायल्स में तेजी लाने में मदद कर रहा है।
ऊर्जा और डेटा: नडेला ने सार्वजनिक-निजी सहयोग की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि एआई क्रांति को बनाए रखने के लिए पर्याप्त ऊर्जा वाले बुनियादी ढांचे और डेटा के मामले संप्रभुता के मुद्दों की जांच करना आवश्यक है।
सत्या नडेला का यह बयान ऐसे समय में आया है जब दुनिया भर में एआई के अंधाधुंध निवेश को लेकर सवाल उठ रहे हैं। उनका संदेश साफ है- तकनीक की सफलता इस बात में नहीं है कि वह कितनी स्मार्ट है, बल्कि इस बात में है कि वह आम लोगों और उद्योगों के लिए कितनी उपयोगी साबित होती है।