सीबीआई ने फरार आरोपी अबुल हसन मोल्ला उर्फ दुरंतो को पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले से गिरफ्तार कर लिया है। वह जनवरी 2024 में संदेशखाली में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम पर हुए हमले में शामिल था। सीबीआई ने बताया कि ईडी की टीम जब कथित राशन वितरण घोटाले में निलंबित तृणमूल कांग्रेस नेता शाहजहां शेख के आवास पर छापेमारी करने संदेशखली गई थी, तब भीड़ ने उन पर हमला कर दिया। कलकत्ता उच्च न्यायालय ने 5 मार्च, 2024 को मामले की जांच पश्चिम बंगाल पुलिस से सीबीआई को स्थानांतरित कर दी।
मोल्ला सीबीआई के नोटिसों के बावजूद पेश नहीं हो रहा था
एसीबी कोलकाता की टीम के अनुसार, मोल्ला लगातार जांच से बच रहा था और सीबीआई के नोटिसों के बावजूद पेश नहीं हो रहा था। उसके खिलाफ सक्षम अदालत द्वारा गैर-जमानती वारंट (एनबीडब्लू) भी जारी था। एजेंसी ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया जा रहा है। मामले में आगे की जांच जारी है।