विदेश मंत्रालय ने शनिवार को अमेरिका की ओर से कई भारतीय कंपनियों और नागरिकों पर हाल ही में लगाए गए प्रतिबंधों पर प्रतिक्रिया दी है। विदेश मंत्रालय (एमईए) के प्रवक्ता के अनुसार भारतीय कंपनियों ने किसी भी राष्ट्रीय कानून का उल्लंघन नहीं किया है। अमेरिकी विदेश विभाग की ओर से 19 भारतीय कंपनियों और दो व्यक्तियों को पर प्रतिबंध लगाने की कार्रवाई की गई थी। इन भारतीय कंपनियों और लोगों पर यूक्रेन में चल रहे युद्ध के दौरान रूस को सामग्री और प्रौद्योगिकी की आपूर्ति करने का आरोप है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, "हमने अमेरिकी प्रतिबंधों पर रिपोर्ट देखी हैं। भारत के पास रणनीतिक व्यापार और अप्रसार नियंत्रण पर एक मजबूत कानूनी और नियामक ढांचा है। हम तीन प्रमुख बहुपक्षीय अप्रसार निर्यात नियंत्रण व्यवस्थाओं- वासेनार व्यवस्था, ऑस्ट्रेलिया समूह और मिसाइल प्रौद्योगिकी नियंत्रण व्यवस्था के सदस्य भी हैं, और अप्रसार पर प्रासंगिक यूएनएससी प्रतिबंधों और यूएनएससी संकल्प 1540 को प्रभावी ढंग से लागू कर रहे हैं।"
प्रतिबंधों में नामित भारतीय कंपनी श्रीजी इम्पेक्स प्राइवेट लिमिटेड का कहना है कि वे भारतीय कानून के तहत काम करती हैं और उनका दावा है कि प्रतिबंधों से उनके व्यवसाय पर कोई असर नहीं पड़ेगा। मेरठ स्थित श्रीजी इम्पेक्स प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक प्रवीण त्यागी ने प्रतिबंधों पर कहा, "मुझे नहीं पता कि ये प्रतिबंध हम पर क्यों लगाए गए हैं। लेकिन इसका हम पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा, क्योंकि हम न तो अमेरिका से आयात करते हैं और न ही अमेरिका को निर्यात करते हैं।"
अमेरिका ने रूस के सैन्य-औद्योगिक प्रतिष्ठानों का कथित तौर पर सहयोग करने के आरोप में भारतीय इकाइयों समेत कुल 275 लोगों व इकाइयों पर प्रतिबंध लगाया है। अमेरिकी वित्त विभाग ने गुरुवार को जारी अपने बयान में कहा है कि चीन, स्विट्जरलैंड, थाईलैंड और तुर्किए की कंपनियों पर भी प्रतिबंध लगाए गए हैं। इसकी वजह यह है कि ये कंपनियां रूस को उन्नत प्रौद्योगिकी और उपकरण प्रदान कर रही हैं जिनका इस्तेमाल रूस अपने युद्ध तंत्र को चलाने में कर रहा है।
वित्त विभाग की तरफ से जारी सूची में भारत स्थित कंपनियों में आभार टेक्नोलॉजीज एंड सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड, डेनवास सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड, एमसिस्टेक, गैलेक्सी बियरिंग्स लिमिटेड, ऑर्बिट फिनट्रेड एलएलपी, इनोवियो वेंचर्स, केडीजी इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड और खुशबू होनिंग प्राइवेट लिमिटेड के नाम शामिल हैं।
इनके अलावा लोकेश मशीन्स लिमिटेड, पॉइंटर इलेक्ट्रॉनिक्स, आरआरजी इंजीनियरिंग टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड, शार्पलाइन ऑटोमेशन प्राइवेट लिमिटेड, शौर्य एयरोनॉटिक्स प्राइवेट लिमिटेड, श्रीजी इम्पेक्स प्राइवेट लिमिटेड और श्रेया लाइफ साइंसेज प्राइवेट लिमिटेड को भी प्रतिबंधित सूची में रखा गया है।
इससे पहले बुधवार को अमेरिका ने यूक्रेन के खिलाफ रूस के युद्ध को बढ़ावा देने के लिए लगभग 400 संस्थाओं व व्यक्तियों पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा की थी। बयान के मुताबिक, वैश्विक कर चोरी नेटवर्क को बाधित करने के अलावा इस कार्रवाई के तहत रूस के सैन्य-औद्योगिक प्रतिष्ठानों के लिए प्रमुख सूचना और अन्य सामग्री के घरेलू रूसी आयातकों और उत्पादकों पर भी कार्रवाई की गई है।
भारत-अमेरिका के बीच सहयोग से हम अवैध आव्रजन को रोक सकेंगे: विदेश मंत्रालय
अमेरिकी अधिकारियों द्वारा उनके देश में अवैध रूप से रह रहे भारतीय नागरिकों के एक समूह को निर्वासित करने के कुछ दिनों बाद नयी दिल्ली ने शनिवार को कहा कि उसे उम्मीद है कि आवागमन और प्रवास पर भारत-अमेरिका के बीच सहयोग से हम अवैध आव्रजन को रोक सकेंगे। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने यहां अपने साप्ताहिक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि भारत प्रवास और आवागमन पर अमेरिका के साथ नियमित रूप से वार्ता करता है।
अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग (डीएचएस) ने पिछले सप्ताह एक बयान में कहा था, 22 अक्टूबर को, डीएचएस ने अमेरिकी आव्रजन एवं सीमाशुल्क प्रवर्तन (आईसीई) के माध्यम से, उन भारतीय नागरिकों को निर्वासित करने के लिए एक बड़ी निजी उड़ान का संचालन किया, जिनके पास अमेरिका में रहने के लिए कोई वैध कानूनी आधार नहीं था।