हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन सर्राफा बाजार में मुनाफावसूली दिखी। इंडियन बुलियन एंड ज्वेलरी एसोसिएशन (आईबीजेए) के मुताबिक 24 अक्तूब की शाम 5 बजे तक सोने की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। 24 कैरेट सोना कल शाम की तुलना में करीब 2000 रुपये सस्ता होकर 1,21,518 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया है। 23 कैरेट सोने का भाव 1800 रुपये घटकर 1,22,860 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया है। वहीं 22 कैरेट सोना करीब 1700 रुपये की गिरावट के साथ 1,11,310 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) में दिसंबर डिलीवरी के लिए पीली धातु वायदा की कीमत 1,109 रुपये या 0.89 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,22,995 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई जिसमें 12,958 लॉट के लिए कारोबार हुआ। सोना वायदा का फरवरी 2026 अनुबंध भी 1,075 रुपये या 0.86 प्रतिशत की गिरावट के साथ 2,239 लॉट के लिए 1,24,200 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया।
इसी तरह, चांदी वायदा कीमतों में भी भारी गिरावट देखी गई। दिसंबर डिलीवरी के लिए चांदी का भाव 2,683 रुपये या 1.81 प्रतिशत गिरकर 1,45,829 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गया जिसमें 21,080 लॉट के लिए कारोबार हुआ, जबकि मार्च 2026 अनुबंध 2,206 रुपये या 1.47 प्रतिशत गिरकर 1,47,878 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गया जिसमें 5,250 लॉट के लिए कारोबार हुआ।
डॉलर सूचकांक, जो छह मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की ताकत को मापता है, 0.11 प्रतिशत बढ़कर 99.05 पर कारोबार कर रहा था।
एस्पेक्ट बुलियन एंड रिफाइनरी के सीईओ दर्शन देसाई ने कहा कि अमेरिकी सरकार के बंद होने से जुड़ी ताजा खबरें और अगले हफ्ते राष्ट्रपति ट्रंप और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच होने वाली मुलाकात अहम घटनाएं हैं। एक सफल व्यापार समझौता सोने की कीमतों पर अतिरिक्त दबाव डाल सकता है, जबकि अमेरिका-रूस तनाव या प्रतिबंधों में किसी भी तरह की वृद्धि से निचले स्तरों पर समर्थन मिल सकता है।
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में, दिसंबर डिलीवरी के लिए कॉमेक्स सोना वायदा शुक्रवार को 20.61 डॉलर या 0.50 प्रतिशत की गिरावट के साथ 4,124.99 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था। वहीं पिछले सत्र में इसमें लगभग 2 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी। विदेशी बाजारों में शुक्रवार को दिसंबर डिलीवरी के लिए कॉमेक्स चांदी वायदा भी 1.06 प्रतिशत की गिरावट के साथ 48.19 डॉलर प्रति औंस पर आ गया, जबकि पिछले सत्र में इसमें 2.15 प्रतिशत की तेजी आई थी।
रिलायंस सिक्योरिटीज के वरिष्ठ शोध विश्लेषक जिगर त्रिवेदी ने कहा कि सोने की कीमतें शुक्रवार को गिरकर 4,120 डॉलर प्रति औंस के आसपास आ गईं। यह पिछले नौ सप्ताह से जारी तेजी के दौर को समाप्त करने की ओर अग्रसर है। हाल के सत्रों में बार-बार रिकॉर्ड ऊंचाई को छूने के बाद भारी बिकवाली के दबाव के कारण यह गिरावट आई।
त्रिवेदी ने आगे कहा कि यूक्रेन युद्ध विराम को लेकर मास्को पर दबाव बनाने के प्रयास में अमेरिका द्वारा रूस पर नए प्रतिबंध लगाए जाने के बाद भू-राजनीतिक जोखिम भी बने हुए हैं। उन्होंने आगे कहा कि इस उम्मीद से कि फेडरल रिजर्व साल के अंत तक दो और ब्याज दरों में कटौती कर सकता है, सर्राफा बाजार को समर्थन मिल रहा है। निवेशकों की नजर अब दिन में आने वाली प्रमुख अमेरिकी उपभोक्ता मूल्य मुद्रास्फीति (सीपीआई) सूचकांक रिपोर्ट पर है, जो मौद्रिक नीति के दृष्टिकोण को प्रभावित कर सकती है।