रिलायंस ने ओएनजीसी और बीपी एक्सप्लोरेशन के साथ हाइड्रोकार्बन अन्वेषण के लिए समझौता किया। यह ब्लॉक सौराष्ट्र बेसिन में पश्चिमी तट पर स्थित है। आरआईएल ने आगे कहा कि दोनों पक्ष ब्लॉक के आवंटन की शर्तों के अनुसार एक्सप्लोरेशन कार्य जारी रखेंगे।
रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल) ने ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉर्पोरेशन लिमिटेड (ओएनजीसी) और बीपी एक्सप्लोरेशन (अल्फा) लिमिटेड (बीपी) के साथ संयुक्त परिचालन समझौता किया। यह समझौता पश्चिमी तट के पास सौराष्ट्र बेसिन में स्थित ब्लॉक GS-OSHP-2022/2 के अन्वेषण के लिए किया गया है।
तीनों कंपनियां निर्धारित शर्तों के तहत अन्वेषण करेंगी
कंपनी के बयान के अनुसार यह ब्लॉक हाइड्रोकार्बन अन्वेषण और लाइसेंसिंग नीति के तहत आरआईएल, ओएनजीसी और बीपी को दिया गया है। तीनों कंपनियां इस ब्लॉक में निर्धारित शर्तों के तहत अन्वेषण कार्य करेंगी।
विज्ञापन
आरआईएल ने वित्त वर्ष 2025 में 81,309 करोड़ का शुद्ध लाभ दर्ज किया
रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड भारत की सबसे बड़ी निजी क्षेत्र की कंपनी है। वित्त वर्ष 2025 में कंपनी ने 10,71,174 करोड़ रुपये का समेकित राजस्व और 81,309 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया। कंपनी की गतिविधियों में हाइड्रोकार्बन अन्वेषण और उत्पादन, पेट्रोलियम रिफाइनिंग और मार्केटिंग, पेट्रोकेमिकल्स, उन्नत सामग्री और कंपोजिट, नवीकरणीय ऊर्जा (सौर और हाइड्रोजन), खुदरा और डिजिटल सेवाएं शामिल हैं।
फॉर्च्यून और टाइम मैगजीन में रिलायंस ने बनाई जगह
वर्तमान में 86वें स्थान पर, रिलायंस भारत की सबसे बड़ी निजी क्षेत्र की कंपनी है। इसे 2024 के लिए फॉर्च्यून की 'विश्व की सबसे बड़ी कंपनियों' की ग्लोबल 500 सूची में शामिल किया गया। फोर्ब्स ग्लोबल 2000 की 2024 की 'दुनिया की सबसे बड़ी सार्वजनिक कंपनियों' की रैंकिंग में कंपनी 49वें स्थान पर है, जो भारतीय कंपनियों में सर्वोच्च है। रिलायंस को टाइम मैगजीन की 2024 की 100 सबसे प्रभावशाली कंपनियों की सूची में शामिल किया गया है। इससे यह एकमात्र भारतीय कंपनी बन गई है, जिसने यह सम्मान दो बार हासिल किया है।