तेल से लेकर टेलीकॉम तक का कारोबार करने वाली दिग्गज कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज ने शुक्रवार को दूसरी तिमाही के नतीजे जारी कर दिए। जुलाई-सितंबर तिमाही में कंपनी का शुद्ध मुनाफा 9.67 फीसदी बढ़कर 18,165 करोड़ रुपये हो गया।
मुकेश अंबानी के नेतृत्व वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज ने शुक्रवार को बताया कि दूसरी तिमाही में उसका समेकित शुद्ध लाभ सालाना आधार पर करीब 10% बढ़कर 18,165 करोड़ रुपये हो गया। पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी का शुद्ध मुनाफा 16,563 करोड़ रुपये हो गया था।
सितंबर तिमाही में कंपनी का परिचालन राजस्व 9.94 फीसदी बढ़कर ₹2,58,898 करोड़ हो गया। पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में यह ₹2,35,481 करोड़ था। रिलायंस के शेयरों में शुक्रवार को 1.35 फीसदी की तेजी दिखी यह 1416.95 रुपये प्रति शेयर के भाव पर बंद हुआ। कंपनी ने बाजार बंद होने के बाद नतीजे जारी किए। कंपनी का मार्केट कैप शुक्रवार को बढ़कर 19.17 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
रिलायंस इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक मुकेश अंबानी ने कहा, "रिलायंस ने वित्त वर्ष 2026 की दूसरी तिमाही में शानदार प्रदर्शन किया, जिसका श्रेय O2C, जियो और खुदरा कारोबार के मजबूत योगदान को जाता है। समेकित EBITDA में साल-दर-साल आधार पर 14.6% की वृद्धि दर्ज की गई। यह चुस्त व्यावसायिक संचालन, घरेलू पोर्टफोलियो और भारतीय अर्थव्यवस्था में संरचनात्मक वृद्धि को दर्शाता है।"
रिलायंस रिटेल के मुनाफे में 22 फीसदी की वृद्धि
रिलायंस रिटेल ने शुक्रवार को दूसरी तिमाही में अपने शुद्ध लाभ में सालाना आधार पर 22% की वृद्धि हासिल की और यह 3,457 करोड़ रुपये रहा। राजस्व साल-दर-साल 19% बढ़कर 79,128 करोड़ रुपये हो गया। निवेश आय सहित, EBITDA 6,816 करोड़ रुपये रहा, जबकि मार्जिन 8.6% पर स्थिर रहा।
रिलायंस जियो का मुनाफा 13 फीसदी बढ़ा
रिलायंस जियो ने शुक्रवार को बताया कि दूसरी तिमाही में उसका शुद्ध लाभ साल-दर-साल 13% बढ़कर 7,379 करोड़ रुपये हो गया। राजस्व साल-दर-साल 15% बढ़कर 36,332 करोड़ रुपये हो गया। EBITDA साल-दर-साल 18% बढ़कर 18,757 करोड़ रुपये हो गया, जबकि मार्जिन 140 आधार अंकों की वृद्धि के साथ 51.6% हो गया। वित्तीय परिणामों बेहतर लागत दक्षता और उपयोगकर्ता आधार में उच्च जुड़ाव स्तर को दर्शाता है।