जीएसटी काउंसिल की बैठक में नई जीएसटी दरों को लेकर हुए फैसलों को लेकर प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई जीएसटी दरों को लेकर वित्त मंत्रालय की सराहना की। वहीं केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि जीएसटी दरों में सुधार से जीवन आसान होगा। आइए जानते हैं जीएसटी में बदलावों पर किसने क्या कहा?
मजबूत होगी अर्थव्यवस्था: पीएम मोदी
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि अपने स्वतंत्रता दिवस भाषण के दौरान मैंने जीएसटी में अगली पीढ़ी के सुधार लाने के हमारे इरादे के बारे में बात की थी। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य जीएसटी में अगली पीढ़ी के सुधार लाना है, जिससे आम लोगों का जीवन आसान हो और देश की अर्थव्यवस्था मजबूत बने।
नए सुधारों से जीवन आसान होगा : सीतारमण
निर्मला सीतारमण ने कहा, यह सुधार केवल दरों को युक्तिसंगत बनाने के बारे में नहीं है बल्कि यह यह संरचनात्मक सुधारों पर भी आधारित है। इनसे जीवन आसान होगा और व्यवसायों को जीएसटी के साथ अपना संचालन करने में भी आसानी होगी। हमने शुल्क ढांचे की समस्याओं को ठीक किया, वर्गीकरण संबंधी मुद्दों को सुलझाया और यह सुनिश्चित किया कि जीएसटी में स्थिरता बनी रहे। हम मुआवजा, पंजीकरण को सरल बनाने, रिटर्न और रिफंड के मुद्दों पर भी ध्यान दे रहे हैं।
जीएसटी 2.0 से उपभोक्ता मांग व कारोबार को मिलेगी गति: अंबानी
मुंबई। रिलायंस इंडस्ट्रीज लि. के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक मुकेश अंबानी ने जीएसटी दरों में किए गए दूसरी पीढ़ी के सुधारों का स्वागत किया है। उन्होंने ऐतिहासिक जीएसटी सुधारों को भारतीयों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दिवाली उपहार बताते हुए कहा, जीएसटी में सुधार उपभोक्ताओं के लिए उत्पादों और सेवाओं को किफायती बनाने, व्यापार परिचालन की जटिलता को कम करने, महंगाई घटाने और खुदरा क्षेत्र में उपभोग वृद्धि को बढ़ावा देने की दिशा में एक प्रगतिशील कदम है। अंबानी ने कहा, यह भारत की आर्थिक वृद्धि को रफ्तार देगा। वहीं, रिलायंस रिटेल, रिलायंस रिटेल वेंचर्स लि. की कार्यकारी निदेशक ईशा अंबानी ने कहा, नई जीएसटी व्यवस्था हर घर में राहत पहुंचाएगी और उद्योग के लिए अनुपालन को सरल बनाएगी। इससे ग्राहकों और व्यवसायों दोनों को लाभ मिलेगा।
ग्राहकों को मिलेंगे सस्ते उत्पाद: एक्टिववियर के सीईओ निखिल अग्रवाल
जीएसटी में बदलावों पर निखिल ने कहा, उपभोग अर्थव्यवस्था के लिए ये उपाय सभी श्रेणियों में, विशेष रूप से खेल और एथलेटिक क्षेत्र में मांग को बढ़ावा देगा। हमारा उद्देश्य उपभोक्ताओं के लिए सस्ते मूल्य पर प्रीमियम फुटवियर उपलब्ध करा फैशन का लोकतंत्रीकरण करना रहा है।
पीएम मोदी अपने वादों पर अडिग: अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने वादों पर अडिग हैं। जीएसटी दरों में कटौती और प्रक्रिया सुधारों का यह ऐतिहासिक फैसला गरीब और मध्यम वर्ग को बड़ी राहत देगा। साथ ही किसानों, एमएसएमई, महिलाओं और युवाओं को भी सहारा देगा। व्यवस्था को सरल बनाकर और आम नागरिकों पर बोझ कम करके, ये सुधार न केवल जीवनयापन में आसानी सुनिश्चित करेंगे, बल्कि विशेष रूप से छोटे व्यापारियों और उद्यमियों के लिए व्यापार करने में आसानी को भी बढ़ावा देंगे। भारत के लिए वास्तव में एक परिवर्तनकारी निर्णय।
पीएम मोदी का ऐतिहासिक दिवाली उपहार: पीयूष गोयल
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सभी के लिए ऐतिहासिक दिवाली उपहार। अगली पीढ़ी के जीएसटी सुधारों की शुरुआत पर प्रधानमंत्री मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को हार्दिक बधाई। इन सुधारों को जीएसटी परिषद द्वारा केंद्र सरकार के जीएसटी दरों में कटौती और सुधारों के प्रस्तावों के अनुरूप विधिवत समर्थन प्राप्त है। इन व्यापक जीएसटी दरों के युक्तिकरण और प्रक्रिया सुधारों का उद्देश्य नागरिकों के जीवन को आसान बनाना, किसानों, एमएसएमई, मध्यम वर्ग, महिलाओं और युवाओं का समर्थन करना और साथ ही अर्थव्यवस्था के प्रमुख क्षेत्रों में विकास को बढ़ावा देना है। जीएसटी सुधारों से उपभोक्ताओं को लाभ होगा, व्यापार करने में आसानी होगी और छोटे व्यापारियों, उद्यमों और उद्योगों के लिए नए अवसर पैदा होंगे। यह विकासशील भारत के दृष्टिकोण को सुदृढ़ करेगा और सतत एवं समावेशी विकास की दिशा में भारत की यात्रा को आगे बढ़ाएगा।
व्यापार करने में होगी आसानी: रक्षा मंत्री
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार ने विभिन्न क्षेत्रों में राहत लाने के लिए अगली पीढ़ी के जीएसटी सुधारों की घोषणा की है। कई महत्वपूर्ण वस्तुओं पर कर की दरें कम होने से यह सुधार जीवन को आसान बनाएगा। व्यापार करने में आसानी को और मजबूत करेगा। छोटे व्यवसायों को सशक्त बनाएगा और आत्मनिर्भर भारत के तहत भारत की आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देगा। मैं इस साहसिक निर्णय के लिए प्रधानमंत्री मोदी और वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण को धन्यवाद देता हूं।