भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) जल्द ही दोनों संख्या पैनलों में अंग्रेजी अक्षर ‘आर’ बने हुए 1,000 रुपये वर्ग के बैंक नोटों को जारी करेगा। इन नोटों पर सीधी तरफ सभी अन्य सुरक्षा विशेषताएं मौजूद होंगी, जिनमें अंकों का बढ़ता आकार, ब्लीड लाइनें और बड़ा पहचान चिन्ह शामिल है।
यह बात आरबीआई ने एक विज्ञप्ति में कही। इन बैंक नोटों पर आरबीआई गवर्नर रघुराम राजन के हस्ताक्षर मौजूद होंगे और पीछे की तरफ छपने का वर्ष ‘2016’ अंकित होगा।
अब जारी होने वाले इन नोटों का डिजाइन सभी प्रकार से पहले जारी किए गए महात्मा गांधी श्रेणी-2005 के 1,000 रुपये के नोटों के समान होगा। आरबीआई द्वारा अतीत में जारी किए गए 1,000 रुपये वर्ग के सभी नोट वैध मुद्रा के रूप में बने रहेंगे।