क्या आपको पता है, बैंकों में 67,000 करोड़ रुपये (जून, 2025 तक) लावारिस (अनक्लेम्ड) पड़े हैं? यह आपकी और हमारी ही वह भूली हुई संपत्ति है, जिसे कई सारे लोग बैंक खातों में रखकर भूल गए, या उनके नॉमिनी इन खातों से अनजान हैं। कई मामलों में पुराने बैंक खाते के विवरण, दस्तावेज या जागरूकता के अभाव में, परिवार इस बेकार पड़ी राशि तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। अगर आपका या आपके परिवार के किसी सदस्य का कोई बैंक खाता 10 वर्षों से अधिक समय से निष्क्रिय है, तो उसमें मौजूद धनराशि को अब आप आसानी से वापस पा सकते हैं और इसमें आपकी मदद करेगा खुद आरबीआई।
इसके अलावा, RBI अक्तूबर से दिसंबर के बीच विशेष कैंप भी आयोजित कर रहा है, जहां आप प्रक्रिया की जानकारी लेकर अपनी रकम का दावा कर सकते हैं।
ये भी पढ़ें:- SEBI: निवेशक जागरूकता पर सेबी का फोकस, चेयरमैन बोले- चेक प्लेटफॉर्म और सारथी एप से बढ़ेगी सुरक्षा
अनक्लेम्ड राशि लौटाने पर RBI दे रहा है बैंकों को इनाम
बैंकों में अनक्लेम्ड रकम को कम करने के लिए RBI ने 01 अक्तूबर, 2025 से एक नई योजना शुरू की है। इस योजना के तहत जो बैंक ग्राहकों को उनके निष्क्रिय खातों का पैसा वापस दिलाएंगे, उन्हें इनाम मिलेगा। अगर खाता 04 साल तक निष्क्रिय है, तो बैंक को 5% या 5,000 रुपये (जो कम हो) मिलेगा। अगर खाता 10 साल तक निष्क्रिय है, तो बैंक को 7.5% या 25,000 रुपये (जो कम हो) मिलेंगे। बैंक हर तिमाही में इनसेंटिव के लिए क्लेम दाखिल कर सकते हैं। RBI इन दावों की जांच के बाद 30 दिनों के भीतर भुगतान करेगा। यह योजना बैंकों को प्रेरित करने के लिए है, ताकि वे पुराने निष्क्रिय खातों का निपटान करें और भविष्य में नई अनक्लेम्ड रकम बनने से रोक सकें।
कैसे चेक करें कि आपके पास कोई अनक्लेम्ड पैसा है या नहीं?
आरबीआई ने अनक्लेम्ड जमा खोजने के लिए एक खास पोर्टल UDGAM बनाया है। इसकी मदद से बैंकों में जमा लावारिस राशि के बारे में पता लगाया जा सकता है:
फिलहाल 30 बैंक इस पोर्टल से जुड़े हुए हैं, जिनमें SBI, HDFC, ICICI जैसे प्रमुख बैंक शामिल हैं। ये बैंक करीब 90 फीसदी अनक्लेम्ड डिपॉजिट्स को कवर करते हैं।