आरबीआई ने फिनटेक कंपनियों और कर्ज देने वाले एप को चेतावनी दी है। कुकुरमुत्तों की तरह उग रहे एप और उनकी अत्यधिक ब्याज वसूली पर आरबीआई के गवर्नर शक्तिकांत दास ने कहा, हम ऐसे ऑपरेटरों को दंडित करने या उनके नवाचार को दबाने में दिलचस्पी नहीं रखते हैं। लेकिन यह जरूर चाहते हैं कि वे नियमों का पालन करें।
सरकार के साथ अत्यधिक जुड़ाव से करें काम : वित्त मंत्री
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि फिनटेक उद्योग को आपसी भरोसा और मजबूत करने के लिए दूरियां समाप्त कर सरकार एवं उसकी एजेंसियों के साथ अधिक जुड़ाव से काम करना चाहिए। जीएफएफ-2022 में गोपालकृष्णन ने पूछा था कि उद्योग, नियामकों और सरकार के बीच भरोसा कैसे सुनिश्चित किया जा सकता है।
इस सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, मैं एक ही चीज बार-बार नहीं दोहराना चाहती, लेकिन यह सही है कि दूरी अविश्वास पैदा करती है। इसलिए दूरियां खत्म कीजिए। सरकार में चाहे प्रधानमंत्री हों, मंत्री हों या नीति आयोग, हर कोई बातचीत और विचारों के आदान-प्रदान के लिए उपलब्ध है।