भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के गवर्नर शक्तिकांत दास की तबीयत बिगड़ गई है। इसके बाद उन्हें चेन्नई के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरबीआई अधिकारियों ने बताया कि शक्तिकांत दास को चेन्नई के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वह ठीक हैं और चिंता की कोई बात नहीं है।
इसके बाद आरबीआई प्रवक्ता की ओर से भी बयान जारी किया गया। उन्होंने कहा कि भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास को एसिडिटी की शिकायत हुई और उन्हें निगरानी के लिए चेन्नई के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया। अब उनकी हालत ठीक है। अगले 2-3 घंटों में उन्हें छुट्टी दे दी जाएगी। चिंता की कोई बात नहीं है।
अपोलो अस्पताल ने बताया- एसिडिटी का चल रहा इलाज, उनकी हालत ठीक
अपोलो अस्पताल ने बताया कि आरबीआई गवर्नर का चेन्नई में एसिडिटी का इलाज चल रहा है और उनकी हालत ठीक है। अस्पताल के मुताबिक भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास को कल रात चेन्नई में ‘एसिडिटी’ के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया और अब उनकी हालत ठीक है। उनका इलाज कर रही प्रमुख स्वास्थ्य सेवा कंपनी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
दास को यहां अपोलो अस्पताल में निगरानी के लिए भर्ती कराया गया है। अपोलो अस्पताल के चिकित्सा सेवा निदेशक डॉ. आर.के. वेंकटसालम द्वारा जारी मेडिकल बुलेटिन में कहा गया, "अब उनकी हालत ठीक है और चिंता की कोई बात नहीं है। उन्हें जल्द ही छुट्टी दे दी जाएगी।"
भारतीय रिजर्व बैंक के 25वें गवर्नर हैं शक्तिकांत दास
वित्त मंत्रालय के राजस्व और आर्थिक मामलों के विभाग के पूर्व सचिव दास ने 12 दिसंबर, 2018 को तीन साल की अवधि के लिए शीर्ष बैंक के 25वें गवर्नर के रूप में पदभार ग्रहण किया। अपने 38 वर्षों के अनुभव में दास ने केंद्र और राज्य सरकारों में वित्त, कराधान, उद्योग, बुनियादी ढांचे जैसे क्षेत्रों में महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। तमिलनाडु कैडर के 1980 बैच के आईएएस अधिकारी को 29 अक्टूबर, 2021 को तीन साल की अतिरिक्त अवधि के लिए आरबीआई गवर्नर के रूप में फिर से नियुक्त किया गया।