देश के गृहमंत्री और लखनऊ से भाजपा प्रत्याशी राजनाथ सिंह की संपत्ति पिछले पांच सालों में दोगुनी हो गई है। जहां 2014 में राजनाथ सिंह के पास कुल 2.51 करोड़ की संपत्ति थी, वहीं 2019 में यह बढ़कर 4.62 करोड़ रुपये हो गई है। इसमें लखनऊ स्थित 1.50 करोड़ रुपये मूल्य का घर भी शामिल है।
मंगलवार को नामांकन के वक्त जमा किए शपथपत्र के अनुसार करीब दो करोड़ 97 लाख 30 हजार 580 रुपये की अचल संपत्ति है। वहीं चल संपत्ति एक करोड़ 64 लाख 58 हजार 260 रुपये की है। हालांकि उनके पास कार नहीं है। 68 हजार रुपये हाथ में नकदी है।
राजनाथ सिंह के पास चंदौली जिले में 1.47 करोड़ रुपये की कृषि भूमि है। 1.50 करोड़ रुपये का घर लखनऊ के गोमती नगर स्थित विपुल खंड में है। राजनाथ के पास करीब 60 ग्राम सोना है, जिसकी कीमत 1.90 लाख रुपये है। वहीं तीन लाख रुपये रत्न हैं। सिंह के पास हथियार के तौर पर एक 0.32 बोर की रिवॉल्वर (10 हजार रुपये) और दोनाली बंदूक (10 हजार रुपये) है।