केंद्र सरकार ने वित्त मंत्रालय के वित्तीय मामलों के विभाग में तैनात सचिव राजीव कुमार को वित्त विभाग का नया सचिव नियुक्त कर दिया है। गौरतलब है कि सुभाष गर्ग का उर्जा मंत्रालय में तबादला करने के बाद से यह पद रिक्त चल रहा था।
झारखंड कैडर के आईएएस अधिकारी
राजीव कुमार झारखंड कैडर से 1984 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। फिलहाल वो वित्त मंत्रालय में ही वित्तीय सेवा विभाग के सचिव पद पर तैनात हैं। राजस्थान कैडर के आईएएस अधिकारी सुभाष चंद्र गर्ग ने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति के लिए आवेदन किया है। हालांकि उन्होंने इस बीच उर्जा मंत्रालय में सचिव का कार्यभार भी संभाल लिया है। माना जा रहा है कि मंत्रालय बदले जाने से वह खफा थे और इसी कारण उन्होंने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति के लिए आवेदन किया है।
नियमों के अनुसार उन्हें तीन महीने तक या जब तक उनकी स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति का आवेदन स्वीकार नहीं किया जाता है तब तक उन्हें नोटिस अवधि में अपनी सेवा देनी होगी। गर्ग पहले वित्त मंत्रालय में सचिव के तौर पर कार्यरत थे लेकिन उनका तबादला ऊर्जा मंत्रालय में किया गया जो वित्त की तुलना में कमतर है।
सूत्रों का कहना है कि गर्ग का आवेदन इस समय प्रक्रियाधीन है।दिसंबर 2018 में वह वित्त सचिव बने थे।विनिवेश विभाग में सचिव अतानु चक्रवर्ती की नियुक्ति सुभाष चंद्र गर्ग की जगह पर की गई है।