देश भर में चलने वाली प्रमुख राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन में यात्रा करने वालों को 2020 तक रेलवे नया तोहफा देने जा रही है। इसके लिए रेलवे इन ट्रेनों में लगे कोच और इंजन के लुक और डिजाइन में बड़ा बदलाव करने जा रहा है।
मेट्रो ट्रेन जैसे होंगे कोच
रेलवे ने अलुमिनियम से बने 15 ट्रेनसेट (ट्रेन20) के नाम से नए कोच बनाने का ऑर्डर दे दिया है। इन ट्रेन की खासियत यह है कि इसकी वजह से जहां एक तरफ स्पीड बढ़ेगी, वहीं यात्रियों को सुरक्षा भी मिलेगी। इन नए कोच में सीटिंग के साथ-साथ स्लीपर बर्थ भी होगी।
होगा ऑटोमेटिक डोर सिस्टम
नई ट्रेन में ऑटोमेटिक डोर सिस्टम लगेंगे। इसके साथ ही ट्रेन में अलग से इंजन नहीं लगेगा बल्कि मेट्रो जैसे दोनों तरफ इंजन लगेंगे। इन कोच के लिए रेलवे ने चेन्नई कोच फैक्ट्री 2500 करोड़ का ऑर्डर दे दिया है। कोच 2020 से रेलवे को मिलने लगेंगे।
निकाला जाएगा ग्लोबल टेंडर
आईसीएफ इन कोच को बनाने के लिए जल्दी एक ग्लोबल टेंडर निकालने जा रही है, जिसके बाद उन कंपनियों से टेंडर मांगे जाएंगे जो इस तरह के कोच बनाने में पारंगत है।
कोच में मिलेंगी यह सुविधाएं
यात्रियों को इन कोच में सफर के दौरान वाई-फाई, टीवी स्क्रीन और जीपीएस बेस्ड सिस्टम लगाया जाएगा। इसके अलावा इन ट्रेनों में अच्छा इंटिरियर और बायो टॉयलेट्स व टच फ्री फिटिंग्स लगाई जाएंगी।