भारतीय रेलवे ने रेल यात्रियों को बड़ी राहत देते हुए अनारक्षित टिकट की बुकिंग पर तीन फीसदी की छूट देने का एलान किया है। रेल मंत्रालय की तरफ से जारी पत्र में कहा गया है कि तीन प्रतिशत छूट का प्रस्ताव 14 जनवरी से 14 जुलाई, 2026 की अवधि के दौरान लागू रहेगा।
रेल मंत्रालय ने अनारक्षित टिकटों की खरीदे को लेकर बड़ा एलान लिया है। रेलवे 14 जनवरी से 14 जुलाई 2026 तक रेलवन एप के माध्यम से अनारक्षित टिकटों की खरीद और किसी भी डिजिटल माध्यम से भुगतान पर तीन प्रतिशत की छूट प्रदान करेगा। वर्तमान में रेलवन एप पर आर-वॉलेट पेमेंट के जरिये अनारक्षित टिकट बुक करने पर तीन प्रतिशत कैशबैक मिलता है।
मंत्रालय की ओर से 30 दिसंबर को रेलवे सूचना प्रणाली केंद्र (सीआरआईएस) को लिखे पत्र में कहा गया है कि डिजिटल बुकिंग को बढ़ावा देने के लिए, रेलवन एप पर सभी डिजिटल भुगतान माध्यमों से अनारक्षित टिकटों की बुकिंग करते समय तीन प्रतिशत की छूट प्रदान करने का निर्णय लिया गया है। मंत्रालय ने सीआरआईएस को इसके लिए सॉफ्टवेयर सिस्टम में आवश्यक बदलाव करने का निर्देश दिया।
पत्र में कहा गया, ‘तीन प्रतिशत छूट का प्रस्ताव 14.01.2026 से 14.07.2026 की अवधि के दौरान लागू रहेगा। सीआरआईएस इस प्रस्ताव पर आगे की पड़ताल के लिए मई में फीडबैक प्रस्तुत करेगी।पत्र में स्पष्ट किया गया है कि रेलवन ऐप पर ‘आर-वॉलेट’ के माध्यम से बुकिंग करने पर मिलने वाला मौजूदा तीन प्रतिशत ‘कैशबैक’ जारी रहेगा।
यह स्पष्ट करते हुए कि यह पेशकश किसी अन्य ऑनलाइन अनारक्षित टिकट खरीद प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध नहीं है, एक अधिकारी ने कहा, ‘मौजूदा व्यवस्था में, रेलवन एप पर अनारक्षित टिकट खरीदने और आर-वॉलेट के माध्यम से भुगतान करने वाले संभावित यात्रियों को तीन प्रतिशत ‘कैशबैक’ की पेशकश की जाती है। हालांकि, नयी पेशकश में, रेलवन पर अनारक्षित टिकट खरीदने वालों को सभी डिजिटल भुगतान माध्यमों से तीन प्रतिशत की छूट दी जाएगी।