Q1 Results: सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी पावर ग्रिड कॉरपोरेशन ने बुधवार को बताया कि अधिक खर्च के कारण जून तिमाही 2025-26 में उसका समेकित शुद्ध लाभ 2.5 प्रतिशत घटकर 3,630.58 करोड़ रुपये रह गया। आइए इस बारे में विस्तार से जानें।
सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी पावर ग्रिड कॉरपोरेशन ने बुधवार को बताया कि अधिक खर्च के कारण जून तिमाही 2025-26 में उसका समेकित शुद्ध लाभ 2.5 प्रतिशत घटकर 3,630.58 करोड़ रुपये रह गया। बीएसई को दी गई सूचना में कंपनी ने बताया कि पिछले वर्ष की इसी अवधि में उसे 3,723.92 करोड़ रुपये का लाभ दर्ज किया था।
विज्ञापन
हालांकि, कुल आय 11,279.59 करोड़ रुपये से बढ़कर 11,444.42 करोड़ रुपये हो गई। कुल खर्च एक साल पहले के 6,643.07 करोड़ रुपये से बढ़कर 7,114.23 करोड़ रुपये हो गया। बोर्ड ने 2025-26 के लिए निजी प्लेसमेंट के तहत गैर-परिवर्तनीय डिबेंचर जारी करने सहित विभिन्न स्रोतों से उधार सीमा को 16,000 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 25,000 करोड़ रुपये करने को मंजूरी दी।
इसने 2026-27 के दौरान एक या एक से अधिक किस्तों/प्रस्तावों में घरेलू बांड सहित विभिन्न स्रोतों से 30,000 करोड़ रुपये तक जुटाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी। बोर्ड ने पावरग्रिड और पावरग्रिड इंफ्रास्ट्रक्चर इन्वेस्टमेंट ट्रस्ट (पीजीइनविट) के कंसोर्टियम के माध्यम से 500 करोड़ रुपये की कुल अनुमानित परियोजना लागत के साथ दो टीबीसीबी (टैरिफ आधारित प्रतिस्पर्धी बोली) परियोजनाओं में पावरग्रिड की भागीदारी के लिए सैद्धांतिक मंजूरी दे दी।
विज्ञापन
पावरग्रिड की सम्पूर्ण हिस्सेदारी की बिक्री तथा पावरग्रिड और इंडिया ग्रिड ट्रस्ट के बीच संयुक्त उद्यम, पार्बती कोल्डम ट्रांसमिशन कंपनी से बाहर निकलने के लिए भी सैद्धांतिक मंजूरी दी गई। बोर्ड ने भारत और नेपाल के बीच ट्रांसमिशन इंटरकनेक्शन के लिए पावरग्रिड और नेपाल विद्युत प्राधिकरण (एनईए) के बीच संयुक्त उद्यम के गठन को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी।
इसके अलावा, कॉर्पोरेट मामलों के मंत्रालय के कंपनी रजिस्ट्रार के रिकॉर्ड से पावरग्रिड और राष्ट्रीय इस्पात निगम लिमिटेड के बीच एक संयुक्त उद्यम आरआईएनएल पावरग्रिड टीएलटी प्राइवेट लिमिटेड को बंद करने की भी मंजूरी दी गई। ये फैसले इनसे जुड़े अनुमोदन के बाद अमल में आएंगे।