दिवाली पर लोगों को महंगाई की मार लगी है। तेल कंपनियों ने वाणिज्यिक (कमर्शियल) एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में बदलाव कर दिया है। इसके मद्देनजर 19 किलोग्राम वाले वाणिज्यिक एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमत में 62 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। बढ़ी हुई कीमतें आज यानी शुक्रवार से ही लागू हो गई हैं।
बढ़ी हुई कीमतों के मुताबिक, दिल्ली में 19 किलोग्राम वाले वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर की खुदरा बिक्री कीमत आज से 1,802 रुपये हो गई। 5 किलोग्राम वाले एफटीएल सिलेंडर की कीमतों में भी 15 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। 14.2 किलोग्राम वाले सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय तेल कीमतों के रुझान के मुताबिक विमान ईंधन (एटीएफ) की कीमत में शुक्रवार को 3.3 प्रतिशत की वृद्धि कर दी गई। विक्रेताओं के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में विमानन टरबाइन ईंधन (एटीएफ) की कीमत 2,941.5 रुपये प्रति किलोलीटर या 3.3 प्रतिशत बढ़कर 90,538.72 रुपये प्रति किलोलीटर हो गई। यह वृद्धि दो दौर की कटौती के बाद की गई है, जिससे दरें इस साल के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गई थीं।
एटीएफ की कीमत में एक अक्टूबर को 6.3 प्रतिशत (5,883 रुपये प्रति किलोलीटर) की और एक सितंबर को 4,495.5 रुपये प्रति किलोलीटर या 4.58 प्रतिशत की कटौती की गई थी। मुंबई में एटीएफ की कीमत शुक्रवार को 81,866.13 रुपये प्रति किलोलीटर से बढ़कर 84,642.91 रुपये प्रति किलोलीटर हो गई।
वाणिज्यिक एलपीजी की कीमतों में लगातार चौथी मासिक वृद्धि
तेल कंपनियों ने वाणिज्यिक एलपीजी की कीमत भी 62 रुपये बढ़ाकर 1,802 रुपये प्रति 19 किलोग्राम सिलेंडर कर दी। यह वाणिज्यिक एलपीजी की कीमतों में लगातार चौथी मासिक वृद्धि है। एक अक्टूबर को 48.5 रुपये की बढ़ोतरी से इसकी कीमत 1,740 रुपये हो गई थी। इससे पहले कीमत में एक अगस्त को 6.5 रुपये प्रति सिलेंडर और एक सितंबर को 39 रुपये प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी की गई थी। चार बार की बढ़ोतरी के बाद चार महीने में कीमतों में कटौती की गई है।
चार महानगरों में वाणिज्यिक एलपीजी के दाम
मुंबई में अब वाणिज्यिक एलपीजी की कीमत 19 किलोग्राम वाले सिलेंडर के लिए 1,754.50 रुपये, कोलकाता में 1,911.50 रुपये और चेन्नई में 1,964.50 रुपये है। हालांकि, घरेलू उपयोग में आने वाली रसोई गैस की कीमत 14.2 किलोग्राम वाले सिलेंडर के लिए 803 रुपये पर बनी हुई है। इसमें कोई बदलाव नहीं किया गया है।
हर महीने की पहली तारीख को संशोधन
सार्वजनिक क्षेत्र की इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी), भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) हर महीने की पहली तारीख को विमान ईंधन और रसोई गैस की कीमतों में संशोधन करती हैं। यह संशोधन बेंचमार्क अंतरराष्ट्रीय ईंधन की औसत कीमत और विदेशी विनिमय दर के आधार पर किया जाता है।
पेट्रोल और डीजल की कीमतें स्थिर
पेट्रोल और डीजल की कीमतें स्थिर बनी हुई हैं। मार्च के मध्य में कीमतों में दो रुपये प्रति लीटर की कटौती की गई थी। दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 94.72 रुपये प्रति लीटर है जबकि डीजल की कीमत 87.62 रुपये प्रति लीटर है।