सोमवार को पेट्रोल-डीजल की कीमतों में आग लग गई। एक साल में पहली बार दिल्ली में पेट्रोल की 75 रुपये हो गई. जबकि डीजल 66.04 रुपये प्रति लीटर है। देश में इस वक्त सबसे महंगा पेट्रोल-डीजल मध्य प्रदेश में मिल रहा है। देश के चार बड़े महानगरों की बात करें तो फिर मुंबई में पेट्रोल की कीमत 80 रुपये के पार चली गई है। यह चार महानगरों में सबसे महंगी कीमत है।
राज्य के दो बड़े शहरों--भोपाल और इंदौर में पेट्रोल की कीमत 85 रुपये के करीब पहुंच गई है। इंदौर में डीजल 72.44 रुपये प्रति लीटर है, वहीं पेट्रोल की कीमत 83.41 रुपये प्रति लीटर है । भोपाल में सोमवार को पेट्रोल की कीमत 83.29 रुपये और डीजल 72.3 रुपये में मिल रहा है।
कोलकाता में पेट्रोल 77.67 रुपये और डीजल 68.45 रुपये प्रति लीटर है। वहीं चेन्नई में पेट्रोल 77.97 रुपये प्रति लीटर और डीजल 69.81 रुपये प्रति लीटर है। चार महानगरों की बात करें तो सबसे सस्ता पेट्रोल और डीजल दिल्ली में और सबसे महंगा मुंबई में मिल रहा है।
अगर दिल्ली से सटे एनसीआर की बात करें तो फिर गाजियाबाद में सोमवार को पेट्रोल की कीमत 76.17 रुपये प्रति लीटर और डीजल 66.21 रुपये प्रति लीटर पर मिल रहा था। फरीदाबाद में पेट्रोल 74.68 रुपये प्रति लीटर और डीजल 65.54 रुपये प्रति लीटर पर मिल रहा है। गुरुग्राम में पेट्रोल 74.49 रुपये प्रति लीटर और डीजल 65.35 रुपये प्रति लीटर पर मिल रहा है। नोएडा में पेट्रोल 76.29 और 66.35 रुपये प्रति लीटर पर मिल रहा है। इस हिसाब से पूरे एनसीआर में सबसे सस्ता पेट्रोल-डीजल गुरुग्राम में मिल रहा है।
वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की आपूर्ति घटने से अगले साल पेट्रोल-डीजल भी महंगा हो सकता है। रूस की अगुवाई में तेल उत्पादकों देशों के संगठन (ओपेक) ने अगले साल से क्रूड आपूर्ति में चार लाख बैरल प्रतिदिन कटौती का फैसला किया है। संगठन की बैठक में अधिकतर देशों ने कटौती पर सहमति जताई है। इस हिसाब से भारत में पेट्रोल की कीमतें एक बार फिर से 80 रुपये के पार जा सकती हैं।