पेटीएम फाउंडर विजय शेखर शर्मा।
- फोटो : सोशल मीडिया
पेटीएम के फाउंडर और सीईओ विजय शेखर शर्मा ने बुधवार को शेयरधारकों को संबोधित करते हुए लिखे एक पत्र में कहा कि कंपनी अगली छह तिमाहियों में ऑपरेटिंग EBITDA (ब्याज, कर, मूल्यह्रास और परिशोधन से पहले की कमाई) ब्रेक ईवन हासिल कर लेगी। जहां उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि फिनटेक फर्म एक लाभदायक कंपनी बनेगी।
पत्र लिखकर कही ये बड़ी बात
पत्र में पेटीएम सीईओ ने लिखा कि हम अपने व्यापार की गति, मुद्रीकरण के पैमाने और परिचालन से प्रोत्साहित हैं। हम उम्मीद करते हैं कि यह जारी रहेगा और मेरा मानना है कि हम सितंबर 2023 की समाप्ति तक ऑपरेटिंग EBITDA हासिल कर लेंगे, जो कि अधिकांश विश्लेषकों के अनुमानों से काफी पहले है। उन्होंने कहा कि हम अपनी किसी भी विकास योजना से समझौता किए बिना इसे हासिल करने जा रहे हैं।
शेयरधारकों को दिया आश्वासन
विजय शेखर शर्मा ने अपने पत्र में पेटीएम के लिस्टिंग के बाद से गिरते भाव को लेकर शेयरधारकों से कहा कि निश्चिंत रहें, पूरी पेटीएम टीम एक सफल, लाभदायक कंपनी बनाने और दीर्घकालिक शेयरधारक मूल्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उसके अनुरूप, मेरा स्टॉक अनुदान मुझे तभी दिया जाएगा जब हमारा मार्केट कैप निरंतर आधार पर आईपीओ के स्तर को पार कर जाएगा। गौरतलब है कि बुधवार को पेटीएम की पैरेंट कंपनी वन97 कम्युनिकेशन का शेयर चार फीसदी से ज्यादा उछल गया।
65 लाख ऋण वितरित किए गए
इस बीच, कंपनी ने शेयर बाजार को दी गई जानकारी में बताया कि उसने अपने सभी व्यावसायिक क्षेत्रों में मजबूत वृद्धि दर्ज की है। पेटीएम ने यह भी साझा किया कि उसने एप सेवाओं पर भी सर्वोच्च यूजर संख्या पाई है। बाजार को दी गई जानकारी में कंपनी ने बताया कि समाप्त तिमाही के दौरान 65 लाख ऋण वितरित किए गए, जो 3,553 करोड़ रुपये के कुल मूल्य का है। इसमें वर्ष-दर-वर्ष 374 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई है।