पहलगाम हमले को लेकर भारत की सख्ती के बाद पाकिस्तान ने अपने हवाई क्षेत्र पर प्रतिबंध लगा दिया है। इसका दिल्ली से उड़ान भरने वाले अंतरराष्ट्रीय यात्री विमानों पर असर पड़ा है। उड़ानों के समय में इजाफा हो गया है। इसे लेकर विमानन नियामक (डीजीसीए) ने एयरलाइनों को एडवाइजरी जारी की है। डीजीसीए ने कहा है कि उड़ान के दौरान यात्रियों की पूरी मदद की जाए। उचित संचार और खानपान सेवाएं मुहैया कराई जाएं।
नागरिक विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने उड़ानों की अवधि बढ़ने और तकनीकी रुकावटों को लेकर यात्रियों की सुरक्षा के लिए एडवाइजरी जारी की है। एडवाइजरी में उड़ान-पूर्व यात्री संचार, उड़ान के दौरान खानपान और आराम, चिकित्सा तैयारी और वैकल्पिक हवाई अड्डे, ग्राहक सेवा और सहायता तत्परता, अंतर-विभागीय समन्वय को लेकर निर्देश दिए गए हैं।
ये भी पढ़ें: 'मां को बचाने के लिए वही किया, जो पिता करते', पहलगाम आतंकी हमले में बचे शख्स ने सुनाई आपबीती
डीजीसीए ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय हवाई क्षेत्र बंद होने और ओवरफ्लाइट प्रतिबंधों से एयरलाइन संचालन प्रभावित हुआ है। अंतरराष्ट्रीय और क्षेत्रीय उड़ानों के मार्ग में बदलाव हुआ है। निर्धारित अवधि की तुलना में उड़ानों के मूल स्थान से गतंव्य तक पहुंचने में लगने वाले समय (ब्लॉक समय) में वृद्धि हुई है। इसके चलते परिचालन या ईंधन आवश्यकताओं के लिए मार्ग में तकनीकी ठहराव की संभावना है।
डीजीसीए ने कहा कि एयरलाइन सभी यात्रियों को हवाई क्षेत्र प्रतिबंधों और यात्रा में लगने वाले समय के कारण मार्ग में परिवर्तन के बारे में पहले से सूचित करें। साथ ही बीच में किसी हवाई अड्डे पर तकनीकी रोक के बारे में भी यात्रियों को सूचित किया जाना चाहिए। कंपनियां यात्रियों को यह भी बताएं कि तकनीकी रोक केवल परिचालनात्मक होगी। इस दौरान यात्री सामान्यत विमान में ही रहेंगे।
डीजीसीए ने कहा कि यह सूचना चेक-इन, बोर्डिंग गेट पर तथा जहां संभव हो, एसएमएस/ई-मेल अलर्ट के माध्यम से दी जानी चाहिए। इसके साथ ही एयरलाइन को उड़ान के समय में होने वाली वृद्धि के चलते यात्रियों के लिए खानपान की व्यवस्था की जानी चाहिए। साथ ही कंपनियां पर्याप्त चिकित्सा किट और प्राथमिक चिकित्सा संसाधन मुहैया कराएं।
ये भी पढ़ें: सार्क वीजा वालों के लिए आज आखिरी दिन, हिंदू पाकिस्तानी नागरिक प्रभावित नहीं
ग्राहक सेवा को लेकर डीजीसीए ने कहा कि एयरलाइनों को कॉल सेंटर/आरक्षण टीमों को संभावित देरी और शेड्यूल व्यवधानों के बारे में जानकारी देनी चाहिए। आगे के कनेक्शनों और देरी से संबंधित सहायता के प्रबंधन के लिए प्रक्रिया करनी चाहिए। पहलगाम आतंकी हमले के बाद बढ़ते तनाव के बीच पाकिस्तान ने गुरुवार को भारतीय एयरलाइनों को अपने हवाई क्षेत्र का उपयोग करने से रोक दिया। इस हमले में कम से कम 26 लोग मारे गए थे।
इंडिगो ने बताई थी अंतरराष्ट्रीय मार्गों के लिए लंबे सेक्टर की जरूरत
इंडिगो ने शुक्रवार को कहा था कि उसके द्वारा संचालित लगभग 50 अंतरराष्ट्रीय मार्गों के लिए लंबे सेक्टर की आवश्यकता होगी। इसलिए समय-सारिणी समायोजन की आवश्यकता है। कंपनी ने कहा था कि समान प्रतिबंधों और सीमित मार्ग परिवर्तन विकल्पों के कारण अल्माटी और ताशकंद इंडिगो के वर्तमान बेड़े की परिचालन सीमा से बाहर हैं। अल्माटी के लिए उड़ानें 27 अप्रैल से सात मई तक और ताशकंद के लिए उड़ानें 28 अप्रैल से सात मई तक रद्द रहेंगी।
संंबंधित वीडियो