दिग्गज टेक कंपनी ओरेकल ने कर्मचारियों की छंटनी शुरू कर दी है। पिछले काफी समय से कंपनी में छंटनी की आशंका जताई जा रही थी, जो अब सच होती नजर आ रही है। कंपनी के कर्मचारियों को छंटनी से जुड़े ईमेल मिलने शुरू हो गए हैं। हालांकि, ओरेकल ने अभी तक आधिकारिक तौर पर छंटनी की पुष्टि नहीं की है।
वहीं, सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स छंटनी से जुड़ी जानकारियां साझा कर रहे हैं। एक्स पर प्रणीत रेड्डी नाम के एक यूजर ने दावा किया कि उनके एक सीनियर, जिन्होंने पिछले साल ओरेकल ज्वॉइन किया था, उन्हें आज उनकी पूरी टीम के साथ नौकरी से निकाल दिया गया। उन्होंने बताया कि कुछ घंटे पहले ही उन्हें छंटनी से जुड़ा ईमेल मिला। दरअसल, अगस्त के मध्य में आई मीडिया रिपोर्ट्स के बाद कर्मचारियों को 1 सितंबर को बड़े पैमाने पर छंटनी की आशंका थी, जो अब सच हो गई है।
One of my senior who joined oracle last year got laid off today along with his whole team.
विज्ञापन
Got mails few hours ago pic.twitter.com/bKxQIfrn5I— 𝙿𝚁𝙰𝙽𝙴𝙴𝚃𝙷 𝚁𝙴𝙳𝙳𝚈 (@praneethreddy33) September 1, 2026
विज्ञापन
आखिर क्यों बना हुआ था 1 सितंबर की तारीख का खौफ?
बिजनेस इनसाइडर की एक रिपोर्ट के अनुसार, ओरेकल के वरिष्ठ प्रबंधकों से उन कर्मचारियों की सूची तैयार करने को कहा गया था जिन्हें दूसरे वित्तीय तिमाही की शुरुआत यानी 1 सितंबर से पहले निकाला जाना था ताकि पेरोल (वेतन खर्च) को कम किया जा सके। कर्मचारी इस आशंका से डरे हुए थे, क्योंकि 31 मार्च को भी सुबह ठीक 6 बजे 'ओरेकल लीडरशिप' से नौकरी खत्म होने के ईमेल आए थे, जिसमें उसी दिन को आखिरी वर्किंग डे बताया गया था। उस एक लहर में भारत, अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको में करीब 10,000 कर्मचारियों की छुट्टी कर दी गई थी।
बिना किसी आधिकारिक सूचना के कर्मचारी कैसे लगा रहे हैं अंदाजा?
रेडिट के 'r/employeesOfOracle' पेज पर बंगलूरू, मुंबई और अमेरिका के कर्मी लगातार अपडेट साझा कर रहे हैं। वे स्लैक मेंबर काउंट पर स्टॉक टिकर की तरह नजर रख रहे हैं, जो हाल ही में 1,50,198 से गिरकर 1,50,113 पर आ गया। इसके अलावा, कर्मचारी अपने पोर्टल में 'डिवाइस लॉक ऑटोमेशन' जैसे टूल्स की सक्रियता और वरिष्ठ प्रबंधकों की छुट्टियों पर भी पैनी नजर रख रहे हैं।
भारी-भरकम राजस्व के बावजूद छंटनी का दबाव क्यों है?
ओरेकल का बिजनेस तेजी से बढ़ रहा है। वित्त वर्ष 2026 में कंपनी का राजस्व 17% बढ़कर $67.4 बिलियन रहा और क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर रेवेन्यू 77% बढ़ा। इसके बावजूद, ओपनएआई जैसी कंपनियों के लिए डेटा सेंटर बनाने पर $55.7 बिलियन का भारी पूंजीगत खर्च बढ़ने से फ्री कैश फ्लो निगेटिव $23.7 बिलियन हो गया है। टीडी कोवेन के अनुसार, 20,000 से 30,000 नौकरियों में कटौती से कंपनी $8 से $10 बिलियन का कैश फ्लो बचा सकती है। पिछले वित्त वर्ष में भी कंपनी ने कर्मचारियों की संख्या 1,62,000 से घटाकर 1,41,000 कर दी थी।
निष्कर्ष क्या निकलता है?
फिलहाल ओरेकल ने इस छंटनी पर टिप्पणी नहीं की है। लेकिन कर्मचारियों के बीच अफवाहों का बाजार गर्म है कि यह छंटनी 15 या 30 सितंबर को होने वाले टाउनहॉल तक के लिए टल गई है। वहीं, कुछ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर 3000 कर्मचारियों तक के छंटनी के दावे भी किए जा रहे हैं, हालांकि उनकी पुष्टि नहीं हो सकती है। ऐसे में वित्तीय बोझ और एआई तकनीक को अपनाने की इस कॉरपोरेट जंग में कर्मचारियों के लिए आने वाले दिन बेहद तनावपूर्ण रहने वाले हैं।
विज्ञापन