घरेलू कंपनियों की राजस्व वृद्धि जनवरी-मार्च, 2024 तिमाही में चार-छह फीसदी तक सीमित रह सकती है। राजस्व वृद्धि की रफ्तार सितंबर, 2021 के बाद ढाई साल में सबसे धीमी होगी। क्रिसिल ने एक रिपोर्ट में दावा किया, पिछले वर्षों में घरेलू कंपनियों की राजस्व में मजबूत वृद्धि के बाद यह नरमी आई है। कोविड महामारी के बाद सितंबर, 2021 में आर्थिक सुधार का सिलसिला शुरू होने के बाद से लगातार तेजी ही दिख रही थी। क्रिसिल की निगरानी में शामिल 47 क्षेत्रों में सिर्फ 12 में मार्च के लिए तिमाही और सालाना आधार पर राजस्व वृद्धि में सुधार होने की उम्मीद है। यह रिपोर्ट 350 कंपनियों के विश्लेषण पर आधारित है। क्रिसिल ने कहा, निर्माण से जुड़े क्षेत्रों से राजस्व वृद्धि धीमी पड़ने की आशंका है। इसकी वजह उच्च तुलनात्मक आधार है। 2022-23 की मार्च तिमाही में निर्माण कंपनियों ने उच्चतम तिमाही राजस्व हासिल किया था।
नौकरी गंवाएंगे सैकड़ों लोग
ओला कैब के सीईओ हेमंत बख्शी ने तीन माह में ही इस्तीफा दे दिया है। इसके साथ कंपनी पुनर्गठन भी कर रही है। माना जा रहा है कि 200 या कुल कर्मचारियों के 10 फीसदी की छंटनी हो सकती है। सूत्रों के मुताबिक, यह मामला ऐसे समय में सामने आया है, जब कंपनी अगले कुछ समय में आईपीओ लाने के लिए सेबी के पास मसौदा जमा करने वाली है। ओला इलेक्ट्रिक ने दिसंबर में ही सेबी के पास मसौदा जमा कराया है। आईपीओ लाने के लिए मंजूरी का इंतजार कर रही है।
दो महीने में अच्छा रहा अर्थव्यवस्था का प्रदर्शन, महंगाई घटी
भारतीय अर्थव्यवस्था ने पिछले दो महीनों में अच्छा प्रदर्शन करना जारी रखा है। खुदरा महंगाई भी घटी है। सामान्य से अधिक मानसून का पूर्वानुमान तात्कालिक भविष्य के लिए अच्छा संकेत है। नेशनल काउंसिल फॉर एप्लाइड इकनॉमिक रिसर्च (एनसीएईआर) ने सोमवार को अपनी मासिक आर्थिक समीक्षा में कहा, विनिर्माण क्षेत्र का क्रय प्रबंधन सूचकांक 16 साल के शीर्ष पर है। जीएसटी संग्रह मार्च में 1.8 लाख करोड़ पहुंच गया। यूपीआई के जरिये कुल 13.4 अरब लेनदेन हुआ।
भारत बायोटेक के कृष्णा एला बने आईवीएमए के अध्यक्ष
टीका निर्माता कंपनी भारत बायोटेक कंपनी के सह संस्थापक डॉ. कृष्णा एम एला को इंडियन वैक्सीन मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (आईवीएमए) का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। एसोसिएशन की ओर से सोमवार को आगामी दो वर्ष के लिए उनके नाम की घोषणा की गई। इससे पहले 2019 से मार्च 2024 तक सीरम इंस्टिट्यूट ऑफ इंडिया के सीईओ अदार पूनावाला इसके अध्यक्ष थे। इनके अलावा बायोलॉजिकल ई कंपनी की प्रबंध निदेशक महिमा दतला उपाध्यक्ष और भारत के सीएफओ टी श्रीनिवास कोषाध्यक्ष होंगे।
9.6 करोड़ रुपये की कथित हेराफेरी के आरोप
ओडिशा पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने मयूरभंज के जिला खनिज फाउंडेशन (डीएमएफ) की 9.6 करोड़ रुपये की कथित हेराफेरी के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले का रहने वाला पोमेश टेंभरे है। ईओडब्ल्यू के अधिकारी ने बताया कि उसे 26 अप्रैल को गिरफ्तार किया गया और ट्रांजिट रिमांड पर भुवनेश्वर लाया गया और सोमवार को बालासोर में एक अदालत में पेश किया जाएगा।
ओडिशा पुलिस और सीएपीएफ की मदद से गिरफ्तारी
गिरफ्तारी बैंक ऑफ इंडिया, बारीपदा के मुख्य प्रबंधक द्वारा दर्ज एक पुलिस केस के आधार पर की गई। पुलिस के मुताबिक, उक्त जालसाज क्लोन चेक दिखाकर 9.56 करोड़ रुपये ट्रांसफर करने में कामयाब रहा। उन्होंने बताया कि अवैध रूप से हस्तांतरित राशि में से 5.04 करोड़ रुपये ब्लॉक कर दिया गया है और 33 खातों में पड़े 13.56 लाख रुपये के लेन-देन पर रोक लगा दी गई है। पोमेश नक्सल प्रभावित एक गांव में छिपा हुआ था और उसका मोबाइल फोन बंद था। ओडिशा ईओडब्ल्यू की टीम ने स्थानीय पुलिस और सीएपीएफ की मदद से उसे गिरफ्तार कर लिया। जांच के दौरान, ईओडब्ल्यू ने पाया कि पोमेश छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में एक जटिल नेटवर्क वाले बड़े गिरोह का सदस्य है। ओडिशा पुलिस अन्य आरोपियों तक पहुंचने के लिए आगे की जांच कर रही है।
डॉलर के मुकाबले रुपया सात पैसे लुढ़का
अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया सोमवार को 7 पैसे टूटकर 83.45 पर बंद हुआ। अमेरिकी फेडरल रिजर्व के मौद्रिक नीति पर फैसले को लेकर निवेशकों के चिंतित रहने से घरेलू मुद्रा में गिरावट आई। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 83.39 के स्तर पर खुला।
अल्ट्राटेक को 2,258 करोड़ रुपये का मुनाफा
अल्ट्राटेक सीमेंट को चौथी तिमाही में 2,258.6 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ है। यह सालाना आधार पर 35 फीसदी अधिक है। कंपनी के मुताबिक, राजस्व 20,418 करोड़ रुपये रहा। वहीं, कुल खर्च 17,381 करोड़ रुपये रहा।
नवरत्न तेल के विज्ञापन में कपिल शर्मा की टीम
इमामी समूह की कंपनी नवरत्न आयुर्वेदिक तेल ने कमेडियन कपिल और उनकी टीम से करार किया है। इसके तहत, कपिल शर्मा, कीकू शारदा, गौरव गेरा और सुमोना चक्रवर्ती अब कंपनी के टीवी विज्ञापन और डिजिटल कंटेंट पर नजर आएंगे।