केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड ने आयकर विभाग में जारी भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने की ठान ली है। आयकर विभाग में भ्रष्टाचार रोकने के लिये कर विभाग के सभी दफ्तरों में प्रमुखता से सीबीआई के फोन नंबर प्रदर्शित किये जाएंगे।
अगर कोई रिश्वत मांगता है तो संबंधित व्यक्ति फोन कर सकता है और सीबीआई वहां पहुंच जाएगी। केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड ने सभी कर दफ्तरों को डिस्पले बोर्ड लगाने का आदेश दिया है। इसपर यह लिखा होगा कि अगर कोई रिश्वत की मांग करता है, आप सीबीआई से संपर्क कीजिए।
सीबीडीटी ने आदेश में कहा, आयकर विभाग के साथ मुख्य आयुक्तों, प्रधान आयकर महानिदेशक से अनुरोध है कि वे अपने अधिकार क्षेत्र में आने वाले प्रत्येक दफ्तरों में इस सूचना प्राप्ति की तारीख से 30 दिन के भीतर डिस्प्ले बोर्ड लगायें जिसमें सीबीआई की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा के बारे में पूरा ब्योरा होगा।