डेयरी उत्पादों के आयात की चर्चा के बीच केंद्रीय मत्स्य, पशुपालन एवं डेयरी मंत्री पुरूषोत्तम रूपाला ने कहा, मक्खन जैसे डेयरी उत्पादों का आयात नहीं किया जाएगा। इन चीजों की आपूर्ति बढ़ सके, इसके लिए सरकार घरेलू क्षेत्र की मदद लेगी। एक कार्यक्रम में शुक्रवार को पुरूषोत्तम रूपाला ने कहा, मांग बढ़ गई है। डेयरी उत्पादों की किल्लत की खबरें पूरी तरह से गलत हैं। देश में दूध की कमी नहीं है और सरकार इस ओर नजर बनाए हुए है।
किसानों को मिल रहे हैं अच्छे दाम
उन्होंने कहा, हमारे यहां अप्रयुक्त क्षेत्र बड़ा है, जिसका लाभ उठाने का प्रयास किया जाएगा। हम उचित प्रबंध करेंगे। इन उत्पादों के खुदरा दामों की चिंता नहीं की जानी चाहिए। किसानों को अच्छे दाम मिल रहे हैं। बीते सप्ताह केंद्र सरकार के एक अधिकारी ने कहा था कि घरेलू बाजार में मक्खन के बढ़ते दाम को थामने के लिए उपाय किए जा रहे हैं।
आइसक्रीम में तय मानकों का पूरी तरह से पालन करें कारोबारी
इंडियन आइसक्रीम मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन ने कहा है कि कारोबारी आइसक्रीम में भारतीय खाद्य संरक्षा एवं मानक (एफएसएसएआई) के निर्धारित नियमों के तहत मानक का पूरी तरीके से पालन करें। आइसक्रीम में दूध और दूध से बने अन्य उत्पादों का उपयोग होता है। साथ ही जमे हुए दूध उत्पादों जैसे कुल्फी में भी दूध होता है। इसमें मिल्क फैट और मिल्क सॉलिड हो सकते हैं।
एसोसिएशन के प्रेसीडेंट सुधीर शाह ने शुक्रवार को कहा, इस समय सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है और इसमें दावा है कि आइसक्रीम हानिकारक है, लेकिन ऐसा नहीं है। जमे हुए मिठाई में वसा मुख्य रूप से वनस्पति तेल से आती है। वनस्पति तेल सुरक्षित है जिसका उपयोग कई खाद्य उत्पादों में किया जाता है।
खाद्य तेल का आयात 8% बढ़ा
देश में खाद्य तेल का आयात मार्च में आठ फीसदी बढ़कर 11.35 लाख टन पर पहुंच गया है। सॉल्वेंट एक्सट्रैक्टर्स एसोसिएशन ने कहा, घरेलू रिफाइनरियों को बचाने के लिए इस पर शुल्क बढ़ाने की जरूरत है। गैर खाद्य तेल का आयात घटकर 36,693 टन रहा है। नवंबर, 2022 से मार्च, 2023 के बीच खाद्य तेल का आयात बढ़कर 69.80 लाख टन पर पहुंच गया था जो उसके पहले के साल की समान अवधि में 56.42 लाख टन था।
भरोसेमंद सीमेंट ब्रांड बनी अंबुजा-एसीसी
अदाणी समूह की सीमेंट कंपनियां अंबुजा व एसीसी ने टीआरए रिसर्च की ब्रांड ट्रस्ट रिपोर्ट 2023 में लगातार दूसरे वर्ष सबसे भरोसेमंद सीमेंट ब्रांड के रूप में जगह बनाई है। अंबुजा-एसीसी ने रिपोर्ट में क्रमशः 91 और 115 की रैंकिंग हासिल की है। दोनों शीर्ष दो सीमेंट ब्रांडों में शामिल हैं और रिपोर्ट की निर्माण श्रेणी में शीर्ष तीन ब्रांडों में भी ये शामिल हैं। रिपोर्ट के महत्वपूर्ण निष्कर्षों में से एक उपभोक्ता विश्वास के निर्माण में पारदर्शिता और सामाजिक जिम्मेदारी का महत्व है।
रियल एस्टेट में पीई का निवेश 4.2 अरब डॉलर
रियल एस्टेट क्षेत्र में पिछले वित्त वर्ष में प्राइवेट इक्विटी (पीई) का निवेश 4.2 अरब डॉलर रहा है। इसमें से 22% योगदान घरेलू निवेशकों का रहा है। दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) को इस निवेश में से 32 फीसदी हिस्सा मिला जो 2021-22 में 18 फीसदी पर था। एनारॉक कैपिटल ने कहा, विदेशी निवेशकों का योगदान 75% रहा है। 2021-22 में भी पीई ने 4.2 अरब डॉलर का निवेश किया था।
आईओसी के प्लांट में बनाया जाएगा ग्रीन जेट फ्यूल
इंडियन ऑयल की पानीपत रिफाइनरी में ग्रीन जेट फ्यूल बनाया जाएगा। इसके लिए करीब तीन हजार करोड़ रुपये प्लांट रिफाइनरी में निवेश होगा। प्लांट में 50% हिस्सा इंडियन ऑयल का और 25% अमेरिकी कंपनी लैंजाजेट इंक का होगा। बाकी 25 प्रतिशत शेयर एयरलाइंस कंपनी के समूह का होगा। इंडियन ऑयल 1,500 करोड़ और अमेरिका की कंपनी 750 करोड़ निवेश करेगी।
एपल का 25 फीसदी विनिर्माण भारत में होगा
भारत में इलक्ट्रोनिक्स उद्योग को लेकर गोयल ने कहा, बाजार पूंजीकरण के आधार पर दुनिया की सबसे बड़ी कंपनी एपल अगले पांच वर्ष में अपने वैश्विक उत्पादन का 25 फीसदी विनिर्माण भारत में करेगी। इस उद्योग से जुड़ा बुनियादी ढांचा और पारिस्थितिकी तंत्र भारत में पूरी तरह से तैयार है। जहां, पूरी दुनिया की निगहों एपल पर टिकी हैं। एपल ने भारत का हाथ थामा है। भारत में एपल फॉक्सकॉन, विस्ट्रॉन और पेगाट्रॉन के साथ अपने उत्पादों का विनिर्माण कर रही है।