भारतीय रेलवे दूसरी वंदे भारत एक्सप्रेस (टी-18) को मई के पहले हफ्ते में चला सकता है। इसके लिए रूट भी संभवतः तय हो गया है। हालांकि दूसरी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन में कई तरह के बदलाव भी किए गए हैं, जिससे यात्रियों की यात्रा ज्यादा सुगम हो सकती है।
वंदे भारत एक्सप्रेस का नया रैक तीन मई से पटरियों पर दौड़ने लगेगा। इसके लिए नई दिल्ली-हबीबगंज शताब्दी एक्सप्रेस की जगह चलाया जा सकता है। एक अधिकारी ने कहा कि ट्रेन 18 की पहली रैक प्रोटोटाइप थी। फीडबैक के बाद इसमें बदलाव किए जा रहे हैं।
फीडबैक के मुताबिक रेलवे दूसरे रेक के प्रत्येक कोच में पैंट्री के लिए ज्यादा जगह देगा। ऐसा इसलिए क्योंकि यह ज्यादा लंबा सफर तय करती है, जिससे यात्रियों को दो बार खाना देना होता है और इसके लिए ज्यादा जगह चाहिए होती है।
इस नए रेक में पत्थरबाजों से भी निपटने की पूरी व्यवस्था है। दिल्ली-वाराणसी रूट पर चल रही वंदे भारत एक्सप्रेस पर पत्थरबाजी की कई घटनाएं हो चुकी हैं। अब कांच को टूटने से बचाने के लिए विशेष तरह के फ्रेम लगाए जाएंगे। इससे पत्थर मारने पर भी शीशे टूटेगे नहीं और यात्री भी सुरक्षित रहेंगे।