भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को लेकर बातचीत अंतिम चरण में पहुंच गई है। सरकारी सूत्रों के मुताबिक, दोनों देशों की वार्ता टीम के साथ समझौते के ब्योरे को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
पीयूष गोयल ने दिया समझौते का ब्योरा
इससे पहले वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने व्यापरा समझौते का पूरा ब्योरा दिया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने अपनी मित्रता के जरिए राष्ट्रपति ट्रंप के साथ ट्रेड डील तय की है। यह हमारे सभी पड़ोसी देश और जो देश हमारे साथ प्रतिस्पर्धा करते हैं, उनमें सबसे अच्छी डील हमें मिली है। यह देशवासियों के लिए शुभ संकेत लाती है। हम जानते हैं महीनों से हमारी नेगोशिएटिंग टीम कई दिनों से अमेरिका के अधिकारियों और मंत्रियों के साथ बात कर रही थी। कई जटिल विषय थे, कई समस्याएं थीं। भारत के ऊपर 50 फीसदी रेसिप्रोकल टैरिफ लगा था। उद्योग जगत को , हमारे किसानों को सभी को तकलीफ हो रही थी। वस्त्र क्षेत्र के लिए रेट कम होने की जरूरत थी।
दोनों देश जल्द जारी करेंगे संयुक्त बयान
गोयल ने कहा कि दोनों देश जल्द ही एक संयुक्त बयान जारी करेंगे। जैसे ही समझौते पर अंतिम सहमति बन जाती है। तकनीकी प्रक्रियाएं पूरी हो जाती हैं, वैसे ही पूरी जानकारी साझा की जाएगी। मैं 140 करोड़ लोगों को आश्वासन देना चाहता हूं कि यह समझौता सभी भारतीयों को गौरवान्वित करेगा और देश के लोगों को नए मौके उपलब्ध कराएगा। हमारे संवेदनशील सेक्टर जैसे- कृषि और डेयरी सेक्टर को संरक्षित रखेगा और लेबर इंटेसिव सेक्टर और निर्यात आधारित सेक्टर की मदद करेगा।