देश के किसानों की संस्था और सहकारी संगठन नैफेड अपने राजस्व को बढ़ाने और उपभोक्ताओं को शुद्ध गुणवत्ता वाले खाद्य उत्पाद उपलब्ध कराने के लिए लगातार नए क्षेत्रों में कदम रख रहा है। इसी कड़ी में दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान में नए प्लांट लगाने की बड़ी तैयारी शुरू कर दी है। नैफेड की बोर्ड बैठक में इन सभी परियोजनाओं को मंजूरी मिल चुकी है और दिल्ली में लगने वाले दाल प्लांट के लिए टेंडर भी जारी कर दिए गए हैं।
दिल्ली के नजफगढ़ में लगेगा दाल प्लांट
सूत्रों के अनुसार, दिल्ली के नजफगढ़ के उजवा क्षेत्र में 14 करोड़ रुपये की लागत से एक आधुनिक दाल प्लांट लगाया जा रहा है। इसके निर्माण और प्लांट लगाने की प्रक्रिया में लगभग एक साल का समय लगने की उम्मीद है, जिसके चलते यह अगले साल अक्तूबर तक पूरी तरह चालू हो जाएगा।
इस प्लांट के शुरू होने से नैफेड का बाहरी खर्च और लागत बचेगी, साथ ही बाजार की मांग के अनुसार दालों की गुणवत्ता और आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी। इसे सहकारिता की मदद से संचालित करने की योजना है।
राजस्थान के भिवाड़ी और भरतपुर में दो नए प्लांट को मंजूरी
नैफेड अपने विनिर्माण दायरे को बढ़ाते हुए राजस्थान में दो अलग-अलग जगहों पर प्लांट स्थापित करने जा रहा है। नैफेड भरतपुर में अपना पहला इन-हाउस आटा प्लांट लगाने जा रहा है, जिसके लिए रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल की प्रक्रिया चल रही है। इसके अलावा भिवाड़ी में करीब 7.5 एकड़ जमीन पर शहद प्रोसेसिंग यूनिट, फूड प्रोसेसिंग और अन्य खाद्य इकाइयों को स्थापित किया जाएगा। इससे उपभोक्ताओं को बिल्कुल 'गांव जैसी' शुद्ध गुणवत्ता वाली दाल, आटा और अन्य खाद्य वस्तुएं मिल सकेंगी और नैफेड की आय में भी जबरदस्त इजाफा होगा।
खुदरा कारोबार में भारी छलांग
कारोबार को गति देने के लिए लखनऊ, जयपुर, इंदौर, गुवाहाटी और कोलकाता जैसे प्रमुख शहरों में नए रिटेल स्टोर खोले जा रहे हैं। इसके अलावा, ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स के जरिए होम डिलीवरी को तेज करने के लिए मौजूदा स्टोर्स में डार्क स्टोर भी बनाए जा रहे हैं। चालू वित्त वर्ष में नैफेड का खुदरा कारोबार उछलकर करीब 90 करोड़ रुपये तक पहुंचने की संभावना है, जबकि पिछले वित्त वर्ष (2025-26) में यह लगभग 32 करोड़ रुपये रहा था।