प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को कथित नगर पालिका भर्ती घोटाले के सिलसिले में पश्चिम बंगाल के मंत्री सुजीत बोस के आवास और कार्यालयों सहित पश्चिम बंगाल में 11 स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया। पश्चिम बंगाल के विधायक और अग्निशमन व आपातकालीन सेवा मंत्री बोस के कार्यालय, कंपनियों और आवासीय परिसरों पर कुछ विशेष जानकारी के आधार पर शुक्रवार सुबह से ही छापेमारी की गई। ईडी ने इससे पहले इस मामले में बोस और पश्चिम बंगाल के विधायक और खाद्य व आपूर्ति मंत्री रथिन घोष के आवासीय परिसरों पर तलाशी ली थी।
मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की ओर से दर्ज प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) के आधार पर शुरू की गई थी। कलकत्ता उच्च न्यायालय ने भी ईडी की ओर से दायर एक आवेदन पर एफआईआर दर्ज करने का निर्देश दिया था। इसमें कहा गया था कि "भर्ती घोटाला केवल स्कूल शिक्षकों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि पश्चिम बंगाल की नगर पालिकाओं में विभिन्न पदों की भर्ती तक भी फैला हुआ है।"
पश्चिम बंगाल स्कूल भर्ती घोटाले की जांच के दौरान नगरपालिका भर्ती घोटाला सामने आया। इस मामले में ईडी ने एक आरोपी अयान सिल के परिसर से नगरपालिकाओं में भर्ती से संबंधित दस्तावेज बरामद किए थे। अप्रैल 2023 में, कलकत्ता उच्च न्यायालय ने सीबीआई को नगरपालिकाओं की भर्ती प्रक्रिया में अनियमितताओं की जाँच करने का निर्देश दिया। ईडी और सीबीआई दोनों ही नगर पालिकाओं में कर्मचारियों की भर्ती में अनियमितताओं की जांच कर रही हैं।