मौजूदा शादी सीजन, ग्रामीण क्षेत्रों में जारी मांग और स्पोर्ट्स यूटिलिटी वाहन (एसयूवी) को लेकर मजबूत आकर्षण की वजह से नवंबर, 2024 में घरेलू बाजार में यात्री वाहनों की बिक्री में इजाफा हुआ है। मारुति सुजुकी इंडिया ने पिछले महीने कुल 1,41,312 यात्री वाहन बेचे, जो नवंबर, 2023 में बिके 1,34,158 इकाइयों की तुलना में पांच फीसदी अधिक है।
टाटा मोटर्स की सालवना बिक्री में बढ़ोतरी
टाटा मोटर्स की इलेक्ट्रिक गाड़ियों समेत यात्री वाहनों की बिक्री सालाना आधार पर दो फीसदी बढ़कर 47,063 इकाई पहुंच गई। हालांकि, हाल ही में सूचीबद्ध ह्यूंडई मोटर इंडिया की यात्री वाहनों की घरेलू बिक्री पिछले महीने सालाना आधार पर दो फीसदी गिरावट के साथ 48,246 इकाई रह गई।
टोयोटा में 44 फीसदी की बढ़ोतरी
कंपनी की कुल बिक्री 44 फीसदी बढ़कर 25,586 इकाई पहुंची। जेएसडब्ल्यू एमजी मोटर ने 20 फीसदी अधिक वाहन बेचे।
ग्रामीण इलाकों से मांग में वृद्धि
मारुति सुजुकी इंडिया के वरिष्ठ कार्यपालक अधिकारी (विपणन एवं बिक्री) पार्थो बनर्जी ने कहा, ग्रामीण इलाकों से वाहनों की मांग में वृद्धि दर्ज की गई है। नवंबर में कंपनी की ग्रामीण पहुंच 2.2 फीसदी बढ़कर 48.7 फीसदी पहुंच गई। वहीं, ह्यूंडई मोटर इंडिया ने पिछले महीने 22.1 फीसदी का अपना अब तक का सर्वाधिक मासिक ग्रामीण योगदान हासिल किया। शहरी बाजार को लेकर बनर्जी ने आगे कहा, हमें अक्तूबर जैसा आकर्षण नहीं दिख रहा है। शहरी ग्राहक साल के अंत में मिलने वाले ऑफर के लिए आमतौर पर दिसंबर का इंतजार करते हैं।