अदाणी ग्रुप और इटली की प्रमुख एयरोस्पेस व रक्षा कंपनी लियोनार्डो ने मंगलवार को भारत में एक इंटीग्रेटेड हेलीकॉप्टर मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम स्थापित करने के लिए रणनीतिक साझेदारी की घोषणा की। यह कदम मेक इन इंडिया पहल को मजबूती देने के साथ-साथ हेलीकॉप्टर निर्माण में भारत की आत्मनिर्भरता बढ़ाने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
इस साझेदारी के तहत अदाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस और लियोनार्डो के बीच राजधानी दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। प्रस्तावित मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम का फोकस भारतीय सशस्त्र बलों की जरूरतों को पूरा करने पर होगा, खासतौर पर लियोनार्डो के उन्नत AW169M और AW109 ट्रेकरएम सैन्य हेलीकॉप्टरों के लिए।
भारत में हेलीकॉप्टरों की उपलब्धता अभी काफी कम है। देश में प्रति आबादी हेलीकॉप्टर घनत्व 250 से भी कम है, जबकि अगले 10 वर्षों में भारत को हर साल लगभग 100 नए हेलीकॉप्टरों की आवश्यकता होने का अनुमान है।
अदाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस के निदेशक जीत अदाणी ने कहा कि यह साझेदारी ऐसे एविएशन इकोसिस्टम की नींव रख रही है, जो सिविल और डिफेंस दोनों जरूरतों को पूरा करेगा। उन्होंने कहा कि लियोनार्डो के साथ हमारा सहयोग सिर्फ साझा विशेषज्ञता पर नहीं, बल्कि साझा उद्देश्य पर आधारित है। हम भारत की धरती पर ऐसा इकोसिस्टम बनाएंगे, जिसमें निर्माण, असेंबली, प्रशिक्षण और विश्वस्तरीय सपोर्ट एक साथ उपलब्ध होगा।
वहीं, लियोनार्डो हेलीकॉप्टर्स के मैनेजिंग डायरेक्टर जियान पिएरो कुटिलो ने कहा कि भारत एक बड़ा और रणनीतिक बाजार है, जहां सशस्त्र बलों की हेलीकॉप्टरों की मांग लगातार बढ़ रही है।
गौरतलब है कि यह घोषणा ऐसे समय आई है, जब एक सप्ताह पहले ही अदाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस ने ब्राजील की प्रमुख कंपनी एम्ब्राएर के साथ भारत में क्षेत्रीय विमान निर्माण सुविधा स्थापित करने के लिए रणनीतिक सहयोग की घोषणा की थी।