महिंद्रा एंड महिंद्रा (एमएंडएम) और फोर्ड मोटर कंपनी ने साथ मिलकर भारत और उभरते बाजारों के लिए मध्यम आकार की एसयूवी विकसित करने को एक समझौता किया है। दोनों कंपनियों ने सितंबर, 2017 में रणनीतिक साझेदारी की घोषणा की थी। दोनों कंपनियों के बीच उसी साझेदारी को आगे बढ़ाने की दिशा में यह नया करार किया गया है।
कम होगी लागत
महिंद्रा एंड महिंद्रा के प्रबंध निदेशक पवन गोयनका ने एक बयान में कहा कि संयुक्त विकास के कई क्षेत्रों की पहचान करने के बाद दोनों कंपनियां एक ही उत्पाद मंच के जरिए एक साथ काम करना जारी रखेंगी। इससे उत्पाद को विकसित करने की लागत कम होगी।
साथ ही दोनों कंपनियों का आर्थिक स्तर भी बढ़ेगा। वहीं, फोर्ड के नए कारोबार मामलों, प्रौद्योगिकी और रणनीतिक मामलों के प्रेसिडेंट जिम फर्ले ने कहा कि इस नए समझौते से न सिर्फ महिंद्रा के साथ उसकी मौजूदा साझेदारी और मजबूत होगी बल्कि भारत जैसे महत्वपूर्ण एवं उभरते बाजारों में उसकी प्रतिस्पर्धी क्षमता भी बढ़ेगी।
ह्युंडई का कॉम्पैक्ट एसयूवी सेगमेंट में बढ़त बनाने का लक्ष्य
ह्युंडई मोटर इंडिया ने बृहस्पतिवार को कहा कि उसका लक्ष्य अपने नए उत्पाद ‘वेन्यू’ के जरिए देश में कॉम्पैक्ट एसयूवी श्रेणी में बढ़त हासिल करने का है। यह डीजल और पेट्रोल दोनों इंजनों के साथ आएगी। हालांकि, मारुति सुजुकी की विटारा ब्रेजा, टाटा मोटर्स की नेक्सॉन, महिंद्रा की एक्सयूवी-300 और होंडा की डब्ल्यूआर-वी से कड़ी टक्कर मिलने के अनुमान के कारण कंपनी के लिए बढ़त हासिल करना आसान नहीं रहने वाला है।
इतनी होगी कीमत
इन मॉडलों की कीमत 6.48 लाख रुपये से 11.99 लाख रुपये के बीच है। वर्तमान में 13,000-14,000 इकाई प्रति महीने की बिक्री के हिसाब से विटारा ब्रेजा इन मॉडलों में सबसे आगे है। ह्युंडई मोटर इंडिया के प्रबंध निदेशक एवं सीईओ एसएस किम ने कहा, हमारा लक्ष्य ‘वेन्यू’ के जरिए कॉम्पैक्ट एसयूवी श्रेणी में बढ़त बनाना है। कंपनी बाजार में सबसे आगे रहते हुए ग्राहकों को अच्छे उत्पाद उपलब्ध कराना चाहती है।