महाराष्ट्र सरकार ने गुरुवार को सूचना प्रौद्योगिकी, खाद्य प्रसंस्करण, भंडारण, डेटा केंद्र और लॉजिस्टिक्स हब जैसे क्षेत्रों में 1,08,599 करोड़ रुपये के निवेश के लिए समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए। इससे 47,000 लोगों को नौकरी मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
फडणवीस ने कहा कि निवेशक और उद्योग क्षेत्र राज्य की आर्थिक वृद्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि उनकी सरकार उनकी उम्मीदों पर खरा उतरेगी। मुख्यमंत्री ने कहा, "हम यह सुनिश्चित करने का प्रयास कर रहे हैं कि उद्यमियों को महाराष्ट्र में सकारात्मक निवेश अनुभव मिले।"
इस संबंध में प्रमुख परियोजनाओं में एमजीएसए रियल्टी द्वारा औद्योगिक गोदामों, डेटा केंद्रों और लॉजिस्टिक्स हब में 5,000 करोड़ रुपये का निवेश शामिल है, जिससे 10,000 नौकरियां पैदा होंगी। लोढ़ा डेवलपर्स लिमिटेड, ठाणे जिले के अंबरनाथ में 30,000 करोड़ रुपये के निवेश से एक ग्रीन इंटीग्रेटेड डेटा सेंटर पार्क स्थापित करेगा। इससे 6000 नौकरियां पैदा होंगी।
अदाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड नागपुर जिले के कमलेश्वर लिंगा में एक एकीकृत कोयला सतह गैसीकरण डाउनस्ट्रीम डेरिवेटिव परियोजना में 70,000 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। यहां 30,000 नौकरियां पैदा होंगी, जबकि पॉलीप्लेक्स कॉर्पोरेशन लिमिटेड नंदुरबार में एक पॉलिमर उत्पाद परियोजना में 2,086 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। इससे 600 लोगों को रोजगार मिलेगा।
रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड नागपुर जिले के कटोल में 1,513 करोड़ रुपये के निवेश से एक एकीकृत खाद्य एवं पेय पदार्थ विनिर्माण सुविधा स्थापित करेगी। इससे 500 नौकरियां पैदा होंगी।
राज्य सरकार की ओर से उद्योग विभाग के सचिव पी. अनबालागन और भाग लेने वाली कंपनियों के प्रतिनिधियों के बीच समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान किया गया, जिनमें अमरप्रकाश अग्रवाल (एमजीएसए रियल्टी), अभिषेक लोढ़ा (लोढ़ा डेवलपर्स लिमिटेड), केतन मोदी (रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड), अजीत बरोदिया (अडानी एंटरप्राइजेज लिमिटेड) और प्रणय कोठारी (पॉलीप्लेक्स कॉर्पोरेशन लिमिटेड) शामिल थे।