नए साल 2025 के पहले दिन पेट्रोलियम कंपनियों ने खास तोहफा दिया है। 01 जनवरी 2025 की पहली सुबह एलपीजी गैस के ग्राहकों के लिए राहत भरी रही। ऑयल एंड गैस मार्केटिंग कंपनियों ने पहली जनवरी से एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कटौती का एलान किया है।
विमान ईंधन (एटीएफ) की कीमत में बुधवार को 1.5 प्रतिशत की कटौती की गई। बेंचमार्क अंतरराष्ट्रीय कीमतों के अनुरूप कीमतों में मासिक संशोधन किया गया। सार्वजनिक क्षेत्र के ईंधन खुदरा विक्रेताओं के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में विमानन टरबाइन ईंधन (एटीएफ) यानी विमान ईंधन की कीमत 1,401.37 रुपये प्रति किलोलीटर या 1.52 प्रतिशत घटकर 90,455.47 रुपये प्रति किलोलीटर हो गई है। राष्ट्रीय राजधानी स्थित हवाई अड्डा देश के सबसे व्यस्त हवाई अड्डों में से एक है।
दरों में यह कटौती मासिक वृद्धि के दो दौर के बाद की गई है। एक नवंबर को कीमतों में 2,941.5 रुपये प्रति किलोलीटर (3.3 प्रतिशत) की और एक दिसंबर 2024 को 1,318.12 रुपये प्रति किलोलीटर (1.45 प्रतिशत) की वृद्धि की गई थी। मुंबई में एटीएफ की कीमत बुधवार को 85,861.02 रुपये प्रति किलोलीटर से घटाकर 84,511.93 रुपये कर दी गई है।
वैट सहित स्थानीय करों के आधार पर एटीएफ और एलपीजी की कीमतें राज्य दर राज्य अलग-अलग होती हैं।
सार्वजनिक क्षेत्र की इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी), भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) हर महीने की पहली तारीख को बेंचमार्क अंतरराष्ट्रीय ईंधन की औसत कीमत और विदेशी विनिमय दर के आधार पर एटीएफ तथा रसोई गैस की कीमतों में संशोधन करती हैं।
पेट्रोल और डीजल की कीमतें स्थिर बनी हुई हैं। आम चुनाव से पहले मार्च के मध्य में कीमतों में दो रुपये प्रति लीटर की कटौती की गई थी। दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 94.72 रुपये प्रति लीटर, जबकि डीजल की कीमत 87.62 रुपये प्रति लीटर है।