आज 20 राज्यों में 91 लोकसभा सीटों से 1279 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। ऐसे में हम आपको बताएंगे कि इन 1279 उम्मीदवारों में से कितने उम्मीदवार करोड़पति हैं और उनकी संपत्ति कितनी है। राज्यों के हिसाब से करोड़पति उम्मीदवारों की गणना करें तो एडीआर की रिपोर्ट के मुताबिक आंध्र प्रदेश के 132 उम्मीदवार करोड़पति हैं। दूसरा स्थान तेलंगाना का है, जहां से 77 उम्मीदवार करोड़पति हैं। बात अगर उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र की करें तो वहां क्रमश: 39 और 33 उम्मीदवार करोड़पति हैं। बिहार में 42 में से 14, पश्चिम बंगाल में 18 में से केवल एक और उत्तराखंड में 51 में से 21 उम्मीदवार करोड़पतियों की सूचि में शामिल हैं। अंडमान और निकोबार द्वीप से 4 उम्मीदवार ऐसे हैं जो करोड़पतियों की सूचि में शामिल हैं।
कुल इतने उम्मीवार हैं करोड़पति
एडीआर की रिपोर्ट के मुताबिक 1279 उम्मीदवारों में से 401 यानी 32 फीसदी उम्मीदवार करोड़पति हैं। बता दें कि आज कांग्रेस और भाजपा के 83-83 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं, जिनमें से कांग्रेस के 69 और भाजपा के 65 उम्मीदवार करोड़पति हैं। बीएसपी के 31 उम्मीदवार आज चुनाव लड़ रहे हैं, जिनमें से 15 उम्मीदवारों के नाम करोड़पतियों की सूचि में है। वहीं 553 निर्दलीय उम्मीदवारों में से 70 उम्मीदवार करोड़पति हैं। इसके साथ ही समाजवादी पार्टी और वाईएसआरसीपी के चार और 25 उम्मीदवारों में से क्रमश: दो और 22 उम्मीदवार करोड़पति हैं।
ये हैं सबसे अमीर उम्मीदवार
1279 उम्मीदवारों में से सबसे अमीर उम्मीदवार हैं कोंडा विश्वेष्वर रेड्डी, जिनकी कुल संपत्ति 895 करोड़ रुपये से ज्यादा है। दूसरे स्थान पर आते हैं वाईएसआरसीपी के उम्मीदवार प्रसाद वीरा पुतलूरी, जिनके पास 347 करोड़ रुपये की संपत्ति हैं। इस सूचि में तीसरे और चौथे स्थान पर कुनुमुरू रघुराम कृष्ण राजू और जयदेव गल्ला हैं, जो क्रमश: 325 और 305 करोड़ रुपये के मालिक हैं। बीएसपी के प्रत्याशी मलूक नागर के पास 249 करोड़ रुपये की संपत्ति है। वहीं विशाखापट्नम के उम्मीदवार भारत मत्थुकुमिली 232 करोड़ रुपये के मालिक हैं।