कर्नाटक सरकार ने बुधवार को कहा कि उसने प्रौद्योगिकी क्षेत्र की दिग्गज कंपनी एप्पल के आईफोन बनाने वाली कंपनी फॉक्सकॉन के साथ राज्य में 5,000 करोड़ रुपये के अनुमानित निवेश से दो बड़ी परियोजनाएं शुरू करने के लिए आशय पत्र (एलओआई) पर हस्ताक्षर किए हैं। इन परियोजनाओं से राज्य में 13,000 लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे। हाल ही में चेन्नई में कर्नाटक सरकार और फॉक्सकॉन के एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल के बीच हस्ताक्षर समारोह हुआ। इस दौरान राज्य के बड़े व मध्यम उद्योग मंत्री एमबी पाटिल और आईटी व पंचायती राज मंत्री मंत्री प्रियांक खड़गे ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ फॉक्सकॉन के अध्यक्ष यंग लियू और कंपनी के अफसरों से मुलाकात की।
फॉक्सकॉन और कर्नाटक सरकार ने दो परियोजनाओं के लिए आशय पत्र पर किए हस्ताक्षर
फॉक्सकॉन और कर्नाटक सरकार के बीच दो परियोजनाओं पर सहमति बनी है। फोन एनक्लोजर परियोजना के तहत फॉक्सकॉन की सहायक कंपनी 12 हजार लोगों के लिए रोजगार के अवसरों के साथ 350 मिलियन अमरीकी डालर (लगभग 3000 करोड़ रुपये) का निवेश करेगी। इसके अलावे 200 मिलियन अमरीकी डालर (2,000 करोड़ रुपये) के अनुमानित निवेश के साथ एप्लाइड मैटेरियल्स के सहयोग से सेमीकॉन उपकरण परियोजना शुरू की जाएगी इससे 1000 लोगों के लिए रोजगार सृजन होगा।