फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ATF Price Cut: कमर्शियल LPG सिलिंडर के बाद एटीएफ कीमतों में भी कटौती, जेट ईंधन पांच रुपये सस्ता; नई कीमत क्या?

Wed, 01 Jul 2026 09:52 AM IST
Jyoti Bhaskar बिजनेस डेस्क, अमर उजाला।

सार

अंतरराष्ट्रीय तेल की कीमतों में नरमी के चलते आज जेट ईंधन यानी एयर टरबाइन फ्यूल (एटीएफ) की कीमत में भी 5 रुपये प्रति लीटर की गिरावट आई है। अब नई कीमत 110 रुपये प्रति लीटर हो गई है।

विज्ञापन
जेट ईंधन के दाम में कटौती - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतें कम होने की वजह से बुधवार को जेट फ्यूल यानी एयर टरबाइन फ्यूल (ATF) की कीमत में 5 रुपये प्रति लीटर की कटौती की गई। पीटीआई के मुताबिक इंडस्ट्री के सूत्रों ने बताया कि दिल्ली में एविएशन टरबाइन फ्यूल (ATF) की नई कीमत अब 110 रुपये प्रति लीटर है। पश्चिम एशिया में ईरान और अमेरिका-इस्राइल टकराव से उपजे संकट के कारण जेट फ्यूल की कीमतें रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने के बाद यह पहली कटौती है। बता दें कि ईरान और अमेरिका के बीच 111 दिनों की जंग के बाद टकराव रोकने का समझौता हुआ था। आपूर्ति बाधित होने की चिंताएं भी कम हुई हैं, लेकिन फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण है।

विज्ञापन


तेल विपणन कंपनियों ने ATF पर क्या फैसला लिया?
सरकारी तेल विपणन कंपनियों (OMCs) ने बताया कि एयर टरबाइन फ्यूल की कीमतों में करीब 5 रुपये प्रति लीटर की कटौती बुधवार से प्रभावी हो गई है। इस मूल्य कटौती से घरेलू एयरलाइंस की परिचालन लागत कम होने की उम्मीद है। हालांकि, इसका वास्तविक लाभ एयरलाइंस की ईंधन खरीद और हेजिंग जैसी रणनीतियों पर भी निर्भर करेगा। ईंधन एयरलाइंस के लिए सबसे बड़ा परिचालन खर्च होता है। जून में सरकार ने घरेलू एयरलाइंस के लिए ATF का मूल मूल्य 86.32 रुपये प्रति लीटर तय किया था। यह मूल्य नई मूल्य स्थिरीकरण योजना के तहत तीन साल के लिए निर्धारित किया गया था। इसका उद्देश्य एयरलाइंस को आर्थिक रूप से व्यवहार्य और यात्री टिकटों को किफायती रखना है।

सरकार की योजना के तहत कीमतें कितनी?
स्वैच्छिक योजना में भाग लेने वाली एयरलाइंस निश्चित फ्री-ऑन-बोर्ड (FOB) बेंचमार्क मूल्य का भुगतान करेंगी। इसमें हवाईअड्डा शुल्क, तेल कंपनी मार्जिन और लागू कर भी शामिल होंगे। सरकारी अधिकारियों के अनुसार, दिल्ली में अंतिम विक्रय मूल्य लगभग 115 रुपये प्रति लीटर होगा। मुंबई में यह 114.50 रुपये प्रति लीटर और चेन्नई में 139 रुपये प्रति लीटर रहेगा।
विज्ञापन


विंडफॉल कर में क्या संशोधन?
केंद्र सरकार ने पेट्रोलियम उत्पादों के निर्यात पर विंडफॉल कर में संशोधन किया है। संशोधित दरों के तहत, पेट्रोल निर्यात पर विशेष अतिरिक्त उत्पाद शुल्क (SAED) बढ़ाकर 4 रुपये प्रति लीटर किया गया है। डीजल निर्यात शुल्क घटाकर 8.5 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है। ATF पर निर्यात शुल्क भी घटाकर 7.5 रुपये प्रति लीटर किया गया है। घरेलू बाजार में बिकने वाले पेट्रोल और डीजल पर मौजूदा उत्पाद शुल्क में कोई बदलाव नहीं है।

कच्चे तेल की कीमतों में कितनी गिरावट?
अमेरिका-ईरान के बीच युद्ध को लेकर शांति वार्ता होने से मध्य पूर्व क्षेत्र में तनाव कम हो गया है। इससे कच्चे तेल की कीमतों में बड़ी गिरावट देखी गई है। ब्रेंट क्रूड का दाम पिछले एक महीने में करीब 23 प्रतिशत कम हो गया है, मौजूदा समय में ब्रेंट क्रूड फ्यूचर्स 73.21 डॉलर प्रति बैरल पर है।  वहीं, डब्ल्यूटीआई क्रूड की कीमतों में भी बीते एक महीने में करीब 25 प्रतिशत की बड़ी गिरावट देखी गई है। इससे डब्ल्यूटीआई क्रूड फ्यूचर्स का दाम घटकर 70 डॉलर प्रति बैरल के नीचे 69.73 डॉलर प्रति बैरल पर गया है।

कीमतों में कटौती का लाभ कहां मिलेगा?
एटीएफ की कीमतों में कटौती से इतर भारत की सबसे बड़ी निजी ईंधन वितरक कंपनी नायरा एनर्जी ने पेट्रोल-डीजल की कीमतों में प्रति लीटर की कटौती का एलान भी किया। यह कटौती कंपनी के देशभर में मौजूद रिटेल नेटवर्क पर तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। पश्चिम एशिया में तनावपूर्ण माहौल के बावजूद ईरान-अमेरिका के बीत पहले जिनेवा में समझौता वार्ता हुई। अब अगले दौर की बातचीत कतर में होनी है। इसी बीच कीमतों में कटौती को सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।

ये भी पढ़ें- Petrol Diesel Price Cut: नायरा एनर्जी ने घटाए पेट्रोल-डीजल के दाम, अन्य कंपनियों की नई दरों पर टिकी नजरें

सरकारी कंपनियों की कीमतों में कितने बदलाव?
हालांकि, सरकारी तेल कंपनियों की ओर से पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। नई दिल्ली में पेट्रोल का दाम 102.12 रुपए प्रति लीटर और डीजल की कीमत 95.20 रुपए प्रति लीटर बनी हुई है।
विज्ञापन


ये भी पढ़ें- Commercial LPG Cylinder: 19 KG के LPG कमर्शियल सिलिंडर का दाम ₹183 घटा, दिल्ली में 2930 रुपये नई कीमत

कमर्शियल एलपीजी की कीमतों में कितनी कटौती?
इसके अलावा, तेल वितरक कंपनियों ने एक जुलाई से कमर्शियल एलपीजी सिलिंडर की कीमतों में कटौती का एलान किया है। इससे राष्ट्रीय राजधानी में 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलिंडर का दाम 183.50 रुपए घटकर 2,930 रुपए हो गया है, जो कि पहले 3,113.50 रुपए था। हालांकि, 14 किलो वाले घरेलू एलपीजी सिलिंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है और उसे 942 रुपए पर स्थिर रखा गया है।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें