ब्याज दरों में बढ़ोतरी की आशंका के बीच फरवरी में निवेशकों ने डेट म्यूचुअल फंड से 13,815 करोड़ रुपये की निकासी की है। यह लगातार तीसरी महीना है, जब इस सेगमेंट से पैसे निकाले गए हैं। जनवरी में 10,316 करोड़ और दिसंबर में 21,947 करोड़ रुपये निकाले गए थे।
एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया (एंफी) के आंकड़ों के अनुसार डेट फंड में नवंबर में 3,668 करोड़ रुपये का निवेश आया था। कुल 16 फिक्स्ड इनकम में से 10 में से निकासी की गई है जबकि 6 में निवेश आया है। सबसे ज्यादा लिक्विड फंड से पैसा निकाला गया है।
डेट म्यूचुअल फंड से निवेशकों ने निकाले 13,815 करोड़
गेल देगी चार रुपये प्रति शेयर का लाभांश
नई दिल्ली। सरकारी कंपनी गेल वित्त वर्ष 2022-23 के लिए चार रुपये प्रति शेयर का अंतरिम लाभांश देगी। इसके लिए उसे कुल 2,630 करोड़ रुपये का भुगतान करना होगा। इसके बोर्ड ने इसे मंजूरी दे दी है। चेयरमैन संदीप कुमार गुप्ता ने कहा, कंपनी लंबे समय में निवेशकों को फायदा दे रही है।
सेबी 66 संपत्तियों की करेगा नीलामी
नई दिल्ली। पूंजी बाजार नियामक सेबी शारदा समूह से जुड़ी 66 संपत्तियों की नीलामी करेगा। यह नीलामी 11 अप्रैल को 11 बजे से 1 बजे के बीच की जाएगी। इस संपत्ति का आरक्षित मूल्य 32 करोड़ रुपये रखा गया है। सेबी ने क्विकर रियल्टी को इसके लिए पिछले दिनों नियुक्त किया है।
महिंद्रा समूह ने बेचे छह फीसदी शेयर
महिंद्रा एंड महिंद्रा ने महिंद्रा सीआईई ऑटोमोटिव में छह फीसदी से अधिक हिस्सेदारी बेची है। इसने 2.29 करोड़ शेयर बेचे हैं। यह पेड-अप शेयर पूंजी का 6.05 प्रतिशत है। यह बिक्री 357.39 रुपये प्रति शेयर के मूल्य पर की गई है।
पीएनबी हाउसिंग जुटाएगी 2,500 करोड़
पीएनबी हाउसिंग फाइनेंस राइट्स इश्यू से 2,500 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में है। इसके लिए उसे सेबी से मंजूरी मिल गई है। इसने दिसंबर, 2022 में सेबी के पास कागजात जमा कराया था। इस निर्गम के बाद कंपनी में पंजाब नेशनल बैंक का हिस्सा 30 फीसदी से नीचे हो जाएगा।