इंडिगो एयरलाइन के परिचालन संकट के चलते यात्रियों की मुश्किलें मंगलवार को आठवें दिन भी कम नहीं हुईं। देश के कई हवाईअड्डों पर 200 से ज्यादा उड़ानों के रद्द होने और लंबी देरी का सिलसिला जारी रहा। कई यात्रियों को अब भी बैगेज की समस्या और जानकारी के अभाव में परेशानी झेलनी पड़ रही है।
मंत्रालय सचिव ने बताया कि 90% बैगेज यात्रियों तक पहुंच चुका है। बाकी बैग भी एयरलाइन सीधे यात्रियों के घर तक भेज रही है। उन्होंने दावा किया कि अगले 24 घंटे में सभी यात्रियों को बैगेज मिल जाएगा।
इंडिगो के रद्द टिकटों पर रिफंड की देरी के सवाल पर उन्होंने कहा कि 100% रिफंड जारी कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि सरकार ने एयर फेयर की ऊपरी सीमा तय कर दी है
सिन्हा ने कहा कि सरकार ने इंडिगो मामले में विस्तृत जांच का आदेश दिया है, जिसकी रिपोर्ट 15 दिनों में आएगी। साथ ही एयरलाइन प्रबंधन को कारण बताओ नोटिस भी जारी हुआ है। उन्होंने कहा कि हम भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा नहीं होने देंगे। जांच रिपोर्ट के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इंडिगो ने सोमवार को परिचालन स्थिर होने का दावा किया था। एयरलाइन ने बताया कि उसने अपने नेटवर्क में 1,800 से अधिक उड़ानें संचालित की हैं और जिन सभी स्टेशनों पर सेवाएं दी जाती थीं, वहां संपर्क दोबारा बहाल कर दिया गया है।
कंपनी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इंडिगो का ऑन-टाइम परफॉर्मेंस (OTP) बढ़कर 91% पर पहुंच गया है, जो पिछले सप्ताह के गंभीर व्यवधानों से उबरने का संकेत है। एयरलाइन ने कहा कि उसने उड़ानों को अनुकूलित कर कैंसिलेशन को न्यूनतम किया है और जिन उड़ानों को रद्द किया गया, उनकी पूर्व सूचना यात्रियों को दे दी गई थी। बीते सप्ताह जहां प्रतिदिन लगभग 1,650 उड़ानें संचालित हो रही थीं, वहीं अब यह संख्या बढ़कर 1,800 से अधिक हो गई है।