फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शेयर बाजार में लौटी तेजी: क्या म्यूचुअल फंड निवेशक बढ़ाएं पैसा? जानें एसआईपी, मल्टीकैप और निवेश की सही रणनीति

Mon, 23 Nov 2026 05:56 AM IST
शिवम गर्ग विजय मंत्री, फाउंडर, फाइनेंशियल सर्विसेज

सार

भारतीय शेयर बाजार में रिकवरी के पीछे कंपनियों की बेहतर कमाई, अर्थव्यवस्था में मजबूती और विदेशी निवेशकों की खरीदारी अहम वजहें हैं। ऐसे में निवेशकों के लिए एसआईपी जारी रखना और मल्टीकैप जैसे विकल्पों पर विचार करना उपयोगी हो सकता है। हालांकि, निवेश से पहले अपने वित्तीय लक्ष्य और जोखिम क्षमता जरूर समझें।
विज्ञापन
म्यूचुअल फंड निवेशक क्या करें? - फोटो : Amar Ujala Graphics
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अक्तूबर 2026 के बाद भारतीय शेयर बाजारों में जो जोरदार रिकवरी दिखी है, उसने निवेशकों के चेहरों पर फिर से रौनक लौटा दी है। विदेशी निवेशकों ने नवंबर में भारतीय शेयरों में एक लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया है, जो अब तक की सबसे बड़ी मासिक खरीदारी है। विदेशी निवेशकों ने सबसे बड़ा दांव लार्जकैप शेयरों पर लगाया है।
विज्ञापन


विदेशी निवेशकों के भारतीय शेयरों में लौटने के साथ ही हैवीवेट शेयरों में 16% तक की तेजी आई है। ऐसे में निवेशकों के मन में यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि यह तेजी कितनी टिकाऊ है?

इस रिकवरी को केवल ऊपरी हलचल मानने के बजाय ठोस आधारों पर परखना जरूरी है:
  • सितंबर 2026 तिमाही के नतीजों में भारतीय कंपनियों का प्रदर्शन दमदार रहा है। अब तक नतीजे घोषित करने वाली 400 कंपनियों के तिमाही मुनाफे में 1,10,000 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जबकि पिछले सात तिमाहियों से मुनाफे में हर तिमाही 30,000 से 40,000 करोड़ रुपये की निरंतर वृद्धि देखी जा रही है।
  • भारतीय अर्थव्यवस्था लगातार मजबूती की ओर बढ़ रही है और लगभग हर सेक्टर में कंपनियां अच्छा काम कर रही हैं। दो दशकों बाद मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र में सकारात्मक रुझान दिखे हैं। बैंक ऑफ बड़ौदा की एक रिसर्च रिपोर्ट के मुताबिक, निजी कंपनियां लगभग हर क्षेत्र में निवेश कर रही हैं और इस वर्ष निर्यात के आंकड़ों में भी रिकॉर्ड बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
  • वैश्विक स्तर पर अन्य बाजारों के मुकाबले भारतीय बाजार अधिक लचीला, विविधतापूर्ण और अपेक्षाकृत कम अस्थिर नजर आता है, जो इस रिकवरी को मजबूती देता है।
किस कारण से लौटी तेजी और कहां हो रही है सबसे ज्यादा खरीदारी?
विज्ञापन

अक्तूबर 2026 के बाद बाजार में आई तेजी की सबसे स्पष्ट वजह एफआईआई की रिकॉर्ड खरीदारी है। सितंबर और अक्तूबर में विदेशी निवेशकों ने करीब 90,000 करोड़ रुपये की जो बिकवाली की थी, उससे भी बड़ा हिस्सा उन्होंने नवंबर के शुरुआती दो हफ्तों में ही वापस खरीद लिया।

एआई ट्रेड से स्थिरता की तलाश: इससे पहले दुनिया भर के बाजारों से निकलता पैसा मुख्य रूप से अमेरिकी बाजारों और खासकर 'एआई स्टोरी' के पीछे जा रहा था, जिसमें भारत के मुकाबले कोरिया और ताइवान से भी भारी निकासी हुई थी। अब एआई निवेश से जुड़ी चुनौतियों के बीच विदेशी निवेशक ऐसे बाजार तलाश रहे हैं, जो स्थिरता दे सकें।

जोखिम लेने वालों के लिए चुनिंदा सेक्टर: जो निवेशक थोड़ा अधिक जोखिम उठा सकते हैं, वे बीएफएसआई और हेल्थकेयर फंड्स जैसे क्षेत्रों पर भी नजर रख सकते हैं।

म्यूचुअल फंड निवेशक क्या करें?
मौजूदा बाजार उतार-चढ़ाव और रिकवरी के बीच निवेशकों को अपनी सिस्टेमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान बिना रोके जारी रखनी चाहिए।
नया निवेश करते समय मल्टीकैप फंड्स को प्राथमिकता देना व्यावहारिक हो सकता है। मल्टीकैप फंड्स में आमतौर पर 25% लार्जकैप, 25% मिडकैप और 25% स्मॉलकैप में निवेश होता है, जबकि शेष 25% हिस्सा फंड मैनेजर अपने विवेक के आधार पर लगाता है। इससे बाजार के किसी एक हिस्से के चलने या पिछड़ने का संतुलन बना रहता है।

रिकवरी के बीच किन बातों का रखें ध्यान?
  • यह समझना सबसे अहम है कि इक्विटी बाजार कोई फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) नहीं है। यहां पैसा जरूर बनता है, लेकिन इसके लिए धैर्य और लंबे नजरिये की जरूरत होती है।
  • इक्विटी बाजार में रिटर्न अक्सर अस्थिरता के दौर से होकर ही मिलता है। इसे बाजार की स्वाभाविक यात्रा के रूप में स्वीकार करना चाहिए।
  • बाजार में लोकप्रिय नैरेटिव तेजी से बदलते हैं। कभी इक्विटी का नैरेटिव हावी रहता है, तो कभी सोना-चांदी या इंटरनेशनल निवेश की बात होती है, और अब फिर भारतीय इक्विटी का नैरेटिव सामने है। अपनी एसआईपी और वित्तीय लक्ष्यों को बदलते नैरेटिव के हिसाब से न बदलें।
  • यह तय करें कि आपको इक्विटी, गोल्ड, रियल एस्टेट और डेट में कितना हिस्सा रखना है। चारों एसेट कैटेगरी की अपनी अलग खासियत होती है, जिन्हें समझकर ही निवेश का फैसला करें।
 Q लार्जकैप, मिडकैप, स्मॉलकैप के लिए क्या हो रणनीति?
म्यूचुअल फंड उद्योग में अक्सर बहस चलती रहती है कि लार्जकैप में ज्यादा अवसर हैं या मिड और स्मॉलकैप में, और दोनों ही खेमों में अनुभवी फंड मैनेजर मौजूद रहते हैं।

निवेशकों के लिए यह जरूरी नहीं कि वे किसी एक कैप श्रेणी की बहस में पड़ें। यदि लार्जकैप, मिडकैप या स्मॉलकैप में से कोई भी सेगमेंट आगे निकलता है, तो मल्टीकैप रणनीति के जरिये निवेशक को उस तेजी का लाभ मिल सकता है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें