सार
देश में बढ़ती महंगाई ने आम परिवारों का घरेलू बजट बिगाड़ दिया है। एक सर्वे के मुताबिक, 61 फीसदी परिवारों का जरूरी सामान पर मासिक खर्च पिछले एक साल में 20 फीसदी से ज्यादा बढ़ गया है। महंगाई से निपटने के लिए लोग गैर-जरूरी खर्च घटाने के साथ राशन भी कम खरीद रहे हैं। दूध, दाल, तेल और सब्जियों के दाम बढ़ने से आखिर आम आदमी को कितनी मुश्किल हो रही है? आइए, विस्तार से पूरे मामले को जानते हैं...
देश में महंगाई का असर अब सीधे आम लोगों की रसोई और घरेलू बजट पर दिखाई देने लगा है। दूध, दाल, तेल, सब्जियों और रोजमर्रा की जरूरी चीजों के बढ़ते दामों ने परिवारों की आर्थिक स्थिति पर दबाव बढ़ा दिया है। हालात ऐसे हैं कि लोगों को गैर-जरूरी खर्चों में कटौती करने के साथ जरूरी सामान की खरीदारी भी कम करनी पड़ रही है। लोकलसर्कल्स के राष्ट्रीय सर्वे में सामने आया है कि देश के 61 फीसदी यानी करीब 10 में से छह परिवारों का पिछले 12 महीनों में जरूरी घरेलू वस्तुओं पर मासिक खर्च 20 फीसदी से ज्यादा बढ़ गया है। यह सर्वे देश के 326 जिलों में 1.34 लाख से अधिक उपभोक्ताओं के बीच किया गया।
किन चीजों के दाम बढ़ने से बिगड़ा रसोई का बजट?
महंगाई का सबसे ज्यादा असर खाने-पीने की चीजों पर पड़ा है। अमूल और मदर डेयरी ने 12 नवंबर 2026 से दूध के दाम 2 से 4 रुपये प्रति लीटर बढ़ाए। चालू वित्त वर्ष में यह दूसरी बढ़ोतरी है। कर्नाटक मिल्क फेडरेशन ने नंदिनी दूध के दाम 8 रुपये प्रति लीटर बढ़ाए। इसके अलावा पनीर और घी भी महंगे हुए हैं। अमूल ने एक किलो घी पर 50 रुपये और मक्खन पर 15 रुपये की बढ़ोतरी की। पशु चारे की बढ़ती लागत और मक्के का एथेनॉल उत्पादन में इस्तेमाल इसके प्रमुख कारणों में शामिल हैं। असमान बारिश ने भी कीमतों पर दबाव बढ़ाया है।
सब्जियों और खाद्य पदार्थों की महंगाई कितनी बढ़ी?
अक्तूबर में खुदरा महंगाई दर बढ़कर 6.09 फीसदी पहुंच गई, जो दो साल का उच्चतम स्तर है। इसने भारतीय रिजर्व बैंक की छह फीसदी की ऊपरी सीमा को भी पार कर लिया। खाद्य महंगाई दर 8.94 फीसदी रही। सब्जियों में प्याज की महंगाई 116.22 फीसदी दर्ज की गई और इसका औसत खुदरा भाव 53.81 रुपये प्रति किलो रहा। लहसुन 60.74 फीसदी, अदरक 48.32 फीसदी और नींबू 47.30 फीसदी महंगे हुए। इसके अलावा अरहर दाल 13.74 फीसदी बढ़कर 131.06 रुपये प्रति किलो और सोयाबीन तेल 14.66 फीसदी बढ़कर 168 रुपये प्रति किलो पहुंच गया। चावल भी 9.57 फीसदी महंगा हुआ।
किन जरूरी चीजों की कीमतों में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी हुई?
सर्वे के मुताबिक, 75 फीसदी उपभोक्ताओं ने घी, मक्खन और खाद्य तेल की कीमतों में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी महसूस की। वहीं, 73 फीसदी लोगों ने ताजी सब्जियों और 71 फीसदी ने चावल, गेहूं तथा दूसरे अनाजों के महंगे होने की बात कही। महंगाई का दबाव थोक बाजार में भी दिखाई दिया। बैंक ऑफ बड़ौदा का आवश्यक वस्तुओं का सूचकांक अक्तूबर में 11.1 फीसदी बढ़ा। वहीं, थोक महंगाई दर सितंबर के 11.39 फीसदी से बढ़कर अक्तूबर में 12.29 फीसदी हो गई। इसका मतलब है कि महंगाई का दबाव केवल खुदरा बाजार तक सीमित नहीं है।
महंगाई से निपटने के लिए परिवार क्या कर रहे हैं?
बढ़ती कीमतों के बीच परिवार अपने खर्च करने के तरीके बदल रहे हैं। सर्वे में 74 फीसदी लोगों ने बताया कि वे गैर-जरूरी खर्चों में कटौती कर रहे हैं। वहीं, 50 फीसदी परिवारों ने कहा कि वे पहले के मुकाबले कम मात्रा में सामान खरीद रहे हैं। यानी महंगाई के कारण लोगों को अपनी जरूरतों में भी बदलाव करना पड़ रहा है। सर्वे में शामिल 80 फीसदी परिवार चाहते हैं कि सरकार जमाखोरी और कृत्रिम तरीके से कीमतें बढ़ाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे। लगातार बढ़ती कीमतों ने आम परिवारों के सामने खर्च और बचत के बीच संतुलन बनाने की चुनौती खड़ी कर दी है।